Loading ...
बिलासपुर

कांग्रेसी नेता पर हमले की साजिश का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, नेपाल भाग गया था दीपक तिवारी

बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में कांग्रेसी नेता शिशिर कश्यप के पिता पर हुए कथित हमले के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी दीपक तिवारी (29) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी नेपाल चला गया था और कई दिनों से फरार था। तारबाहर पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।

मामला अपराध क्रमांक 221/2026 का है, जिसमें पुलिस ने धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5), 61(2), 109 एवं 55 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी दीपक तिवारी पिता सुनील तिवारी, उम्र 29 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 01 पटेराटोला, थाना गौरेला, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का रहने वाला है।

मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ था हमला

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी शिशिर कश्यप ने तारबाहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7 बजे वह अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने गया था। इसी दौरान उसके पिता ने फोन कर बताया कि वे करीब 6:45 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे और रेलवे अस्पताल के पास पहुंचे थे।

आरोप है कि इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधकर वहां पहुंचे। उनके हाथ में डंडे और नुकीली वस्तु थी। आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उनके साथ मारपीट की।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से खुली कड़ी

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों की मदद से घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की पहचान की गई। इसके बाद संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई।

पुलिस के मुताबिक, मामले में पूर्व में नितिन टेकाम, एक विधि से संघर्षरत बालक, आंचल साहिल और नवीन पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

गिरफ्तारी से बचने नेपाल चला गया था आरोपी

पुलिस का कहना है कि मामले का मुख्य आरोपी दीपक तिवारी घटना के बाद फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से उसके नेपाल चले जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद तारबाहर पुलिस और साइबर टीम आरोपी की गतिविधियों एवं संभावित ठिकानों पर लगातार नजर रख रही थी।

तकनीकी जानकारी और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपी को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना अभी जारी है।