
नई दिल्ली/बिलासपुर। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक एवं बिलासपुर जिले के कांग्रेस नेता त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने 10 जनपथ, नई दिल्ली में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से लंबी मंत्रणा की। यह बैठक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद के नेतृत्व में हुई, जिसमें देशभर से सेन–सैनी समाज के डेढ़ दर्जन राष्ट्रीय नेता शामिल हुए।

अति पिछड़ा वर्ग के लिए संगठन और टिकट की मांग
बैठक में अति पिछड़ा वर्ग की जातियों एवं कामगार वर्ग जैसे नाई, धोबी, कोष्टा, जुलाहा, लोहार, बढ़ई, चौरसिया, दर्जी, कलार, केवट-मल्लाह, निषाद, धीवर, मरार, रावत, कहार आदि को कांग्रेस के राष्ट्रीय एवं प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण स्थान देने और विधानसभा–लोकसभा टिकट देने पर चर्चा हुई।

प्रत्येक प्रदेश में सेन समाज को टिकट देने का सुझाव
श्री श्रीवास ने राहुल गांधी को सुझाव दिया कि प्रत्येक प्रदेश में सेन समाज को विधानसभा के दो और लोकसभा का एक टिकट दिया जाए। उन्होंने बताया कि वे वर्षों से पार्टी के लिए समाज का समर्थन जुटा रहे हैं और लगातार प्रचार-प्रसार कर कांग्रेस को मजबूती प्रदान कर रहे हैं, लेकिन कई बार से टिकट नहीं मिला है।
राहुल गांधी का आश्वासन
राहुल गांधी ने श्रीवास के सुझावों को सहर्ष स्वीकार करते हुए भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में सेन समाज के नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण पद और विधानसभा–लोकसभा में टिकट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कदम पार्टी और समाज, दोनों के लिए लाभकारी होगा।
बैठक में शामिल रहे प्रमुख नेता
इस अवसर पर डेढ़ घंटे से अधिक चली इस महत्वपूर्ण बैठक में डॉ. योगेंद्र योगी, डॉ. महेंद्र गहलोत, राजेंद्र सेन, सी. के. ठाकुर, कुणाल कुमार, धर्मराज, विनोद सेन (म. प्र.), अंकित ठाकुर, दीपक कुमार, दीपक खारिया सहित कई राष्ट्रीय नेता मौजूद रहे।