
बिलासपुर। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, व्यापार विहार, बिलासपुर में भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन बड़े ही देशभक्ति और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ग्रुप कैप्टन (सेवानिवृत्त) एस.के. पांडे और विशिष्ट अतिथि रितेश मसीह तथा सुरेन्द्र चित्रकार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रों पर माल्यार्पण से हुई, जिसके बाद मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को शपथ दिलाई। प्राचार्य जे.एस. हुंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया, जबकि शाला नायिका एवा ओशीन मसीह ने स्वागत भाषण दिया।

छात्रों ने इस मौके पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं—जिनमें ‘देश रंगीला रंगीला’ गीत, फैंसी ड्रेस शो, ‘मेरा कर्मा तू’, समूह नृत्य, ‘मेरा मुल्क मेरा देश’, ‘हम हिंदुस्तानी’ और एक नृत्य-नाटिका शामिल रही। इस दौरान अक्षत टंडन, अग्रिमा श्रीवास्तव, विहान शर्मा, प्राची सिंह और राकेश राजपूत ने भी अपने विचार साझा किए।

प्राचार्य हुंडल ने रक्षा बलों के महत्व, पर्यावरण स्वच्छता और प्लास्टिक उपयोग में कमी लाने पर जोर देते हुए छात्रों को पर्यावरण जागरूकता फैलाने और हेलमेट पहनने की शपथ लेने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि पांडे ने भारत की स्वतंत्रता से लेकर विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने तक की यात्रा का उल्लेख किया, कोरोना महामारी से लड़ने में देश की सफलताओं की चर्चा की और बच्चों को भारत का भविष्य बताया। रायपुर में प्रदर्शन करने वाले एनसीसी कैडेट्स को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने मुख्य अतिथि को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। समारोह का समापन मिठाई वितरण के साथ हुआ।
इस अवसर पर प्राचार्य जे.एस. हुंडल, मुख्य अतिथि एस.के. पांडे, विशिष्ट अतिथि रितेश मसीह व सुरेन्द्र चित्रकार, उप प्राचार्या रंजन बहादुर, प्रधानाध्यापिका ए. ललिता, शिक्षकगण और छात्रगण उपस्थित रहे।
