Loading ...
बिलासपुरशिक्षा

सेंट जेवियर्स हाई स्कूल में शिक्षक दिवस समारोह

बिलासपुर।व्यापार विहार स्थित सेंट जेवियर्स हाई स्कूल में शिक्षक दिवस बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में सेंट जेवियर्स चेन ऑफ स्कूल्स के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. जी.एस. पटनायक, श्री ऋषि एवं भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष दीपक सिंह शामिल थे।

विद्यालय के प्राचार्य जे.एस. हुंडल ने पुष्पगुच्छ देकर सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में विभिन्न शाखाओं के प्राचार्य, उप प्राचार्य, प्रधानाध्यापक एवं सभी शिक्षक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

समारोह की शुरुआत माँ सरस्वती, संरक्षक सेंट फ्रांसिस जेवियर और डॉ. राधाकृष्णन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं आशीर्वाद से हुई। इसके पश्चात हाई स्कूल के छात्रों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

अध्यक्ष डॉ. जी.एस. पटनायक ने शिक्षा में समर्पण और परिश्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए टीईटी (TET) की आवश्यकता पर भी जोर दिया। वहीं मुख्य अतिथि श्री अमर अग्रवाल ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण का स्तंभ बताया और शिक्षा के क्षेत्र में हो रही प्रगति की सराहना की। उन्होंने स्टार्टअप्स और अटल टिंकरिंग लैब (ATL) से निकलने वाली नई प्रतिभाओं का उल्लेख करते हुए शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं (शैक्षणिक वर्ष 2024-25) में 100% परिणाम देने वाले शिक्षकों को प्रमाणपत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों को शॉल, श्रीफल और उपहार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम को रंगारंग बनाने के लिए छात्रों ने नृत्य प्रस्तुतियाँ दीं और जेवियर म्यूज़िक बैंड ने संगीतमय कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसमें डॉ. जी.एस. पटनायक का गीत “जीता हूँ मैं तो खुल के यहाँ” और 70-80 के दशक के गीत शामिल रहे।

अंत में सभी शाखाओं के शिक्षकों को उनके-अपने प्रधानों द्वारा उपहार देकर सम्मानित किया गया। समारोह उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ।