
चिरमिरी। एसईसीएल चिरमिरी ओपनकास्ट खदान में मंगलवार को संभावित तकनीकी गड़बड़ी के कारण निर्धारित समय से पहले ब्लास्टिंग हो गई। अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद कर्मचारी दहशत में आ गए, हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं पहुंची। खदान में कार्यरत कर्मचारियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद सभी को घर भेज दिया।

पीआरओ डॉ. सनीश चंद्र
एसईसीएल के पीआरओ डॉ. सनीश चंद्र ने बताया कि घटना की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है और तकनीकी टीम कारणों का पता लगाने में जुटी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जा रहे हैं ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस हादसे से खदान में कामकाज कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ, लेकिन अब हालात सामान्य हैं। घटना के बाद खदान में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है।