13 वां “स्व. उषा देवी भंडारी स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट” का 28 दिसंबर को भव्य आग़ाज़
देश भर की 32 टीमें लेंगी हिस्सा, चैंपियन को मिलेगी 11 लाख 11 हजार 111 रुपए की इनामी राशि

बिलासपुर। बिलासपुर शहर में हर वर्ष आयोजित होने वाला स्वर्गीय उषा देवी भंडारी स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट इस बार अपने 13वें संस्करण में प्रवेश कर चुका है। दिसंबर माह में होने जा रहा यह भव्य आयोजन न केवल शहर के खेलप्रेमियों बल्कि पूरे प्रदेश में खिलाड़ियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने वाला है।

इस प्रतिष्ठित लाइट बेट टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में इस वर्ष छत्तीसगढ़ के अलावा देश के विभिन्न राज्यों की 32 टीमें हिस्सा लेंगी। बढ़ती लोकप्रियता के साथ प्रतियोगिता में रोमांच और प्रतिस्पर्धा दोनों और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।

सबसे बड़ी इनामी राशि में शामिल
आयोजन समिति के अध्यक्ष निक्कू भंडारी ने आज प्रेसवार्ता के माध्यम से इस कार्यक्रम के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 2012 में इस टूर्नामेंट कि शुरुआत की गई थी जिसमें इनामी राशि 51 हजार रखा गया था जो आज भव्य रूप ले चुका है। आज देश के सबसे ज्यादा इनामी राशि प्रदान करने वाली यह क्रिकेट टूर्नामेंट मानी जा रही है। बिलासपुर कि जनता और क्रिकेट प्रेमियों का प्यार और स्नेह से हम प्रतिवर्ष कुछ अलग और नया करने की कोशिश करते है ताकि लोगों को खेल के साथ साथ एक अलग एक्सपीरियंस हो,इसी कड़ी में इस वर्ष भी कुछ अलग करने की कोशिश है। जो आपको आयोजन के समय देखने को मिलेगा।

श्री भंडारी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराना है ताकि आगे और बेहतर प्रदर्शन कर सके। इस आयोजन की लोकप्रियता इतनी बढ़ चुकी है कि इस वर्ष हमने विजेता टीम को 11,11,111 रुपए और चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की घोषणा की है, जो देशभर की इस श्रेणी की प्रतियोगिताओं में सबसे अधिक इनामी राशि मानी जा रही है।
कई विशेष पुरस्कार भी होंगे शामिल
हर मैच में मैन ऑफ द मैच, बेस्ट कॉलर, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट फील्डर सहित कई विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा मैदान में संपूर्ण लाइटिंग सिस्टम, लाइव प्रसारण, आकर्षक प्रकाश सज्जा और आतिशबाजी टूर्नामेंट के उत्साह को और बढ़ाएंगे।
आयोजकों का कहना है कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराते हुए बिलासपुर और छत्तीसगढ़ को खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है। साथ ही उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के सभी मैचों का लाइव प्रसारण भी की जाएगी ।