
बिलासपुर। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के तत्वावधान में सोमवार को बिलासपुर के महामाया चौक पर बेलतरा विधानसभा अध्यक्ष विक्की यादव के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
यह विरोध प्रदर्शन देश के गरीब, दलित, आदिवासी एवं बहुजन समाज की रोज़ी-रोटी का आधार रहे कांग्रेस सरकार द्वारा बनाए गए ऐतिहासिक कानून मनरेगा के नाम को बदलने के प्रयास तथा कल प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी के नेतृत्व में किए जा रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर हुए बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज के विरोध में किया गया।
इस दौरान बेलतरा विधानसभा अध्यक्ष विक्की यादव ने कहा कि मनरेगा कांग्रेस सरकार द्वारा गरीबों और मजदूरों के लिए बनाया गया जनकल्याणकारी कानून है। भाजपा सरकार इसका नाम बदलकर गरीबों के अधिकारों को कमजोर करना चाहती है। वाराणसी में छात्रों पर किया गया लाठीचार्ज तानाशाही मानसिकता का प्रमाण है, जिसका एनएसयूआई सड़कों पर उतरकर जवाब देगी।
कार्यक्रम के दौरान महामाया चौक पर जोरदार नारेबाज़ी की गई तथा मनरेगा के नाम परिवर्तन का निर्णय तत्काल वापस लेने, वाराणसी लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कराने और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जन विरोधी फैसले और छात्र दमन की नीति बंद नहीं की, तो आंदोलन को और तेज़ किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र एवं राज्य सरकार की होगी।