Loading ...
न्यूज डेस्कबड़ी खबर

अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से लिया संन्यास, कहा – “अब नए असाइनमेंट नहीं लूंगा”

न्यूज डेस्क। बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक अरिजीत सिंह ने आज एक अहम घोषणा करते हुए कहा है कि वे अब फिल्मी प्लेबैक सिंगिंग में कोई नए असाइनमेंट नहीं लेंगे। उन्होंने अपनी आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रशंसकों को नया साल मुबारक कहा और वर्षों के प्रेम के लिए आभार व्यक्त किया।

अरिजीत ने अपने संदेश में लिखा, “हैलो, हैप्पी न्यू ईयर टू ऑल। मैं आप सभी का इतने सालों तक प्यार देने के लिए धन्यवाद करना चाहता हूं। मैं खुशी से बताना चाहता हूं कि अब प्लेबैक वोकलिस्ट के तौर पर कोई नए असाइनमेंट्स नहीं लूंगा। इसे यहीं खत्म कर रहा हूं। ये सफर शानदार रहा।”

सोशल मीडिया पोस्ट

उन्होंने यह भी कहा कि भगवान ने उन पर दया की और वे अपने पुराने बचे हुए काम को पूरा करेंगे, लेकिन अब नई फिल्मी परियोजनाओं के लिए गीत नहीं गाएंगे।

हालाँकि अरिजीत ने स्पष्ट किया है कि वह संगीत पूरी तरह नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने संकेत दिया है कि वे आगे भी स्वतंत्र रूप से संगीत बनाएंगे, सीखने और रचनात्मक प्रयोगों पर ध्यान देंगे।

फैंस और इंडस्ट्री की प्रतिक्रिया


अरिजीत के संन्यास लेने की खबर ने फैंस के बीच भारी उहापोह और हैरानी पैदा कर दी है। सोशल मीडिया पर प्रशंसक भावुक प्रतिक्रियाएँ दे रहे हैं, तो कुछ लोग उनके भविष्य के स्वतंत्र संगीत के लिए उत्साहित भी हैं।

एक प्रशंसक ने सोशल चैनलों पर लिखा कि यह समाचार सुनकर उन्हें “दिल टूट सा गया” महसूस हुआ, जबकि अन्य ने उनकी नई यात्रा के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।


अरिजीत सिंह: एक संक्षिप्त परिचय


अरिजीत सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2005 में रियलिटी शो फेम गुरुकुल से की थी और 2011 में फिल्म ‘मर्डर 2’ के गीत फिर मोहब्बत से अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्हें तुम ही हो, चन्ना मेरेया, केसरीया जैसे कई हिट गीतों के लिए जाना जाता है।  उन्होंने कई प्रतिष्ठित पुरस्कार जीते हैं, जिनमें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और जनवरी 2025 में पद्म श्री शामिल हैं।


यह घोषणा बॉलीवुड संगीत उद्योग में एक युग के अंत और नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखी जा रही है, जहाँ अरिजीत अब फिल्मी दुनिया से अलग अपने तरीके से संगीत के नए आयाम तलाशेंगे।