Loading ...
बिलासपुरराजनीति

ब्रेकिंग। भाजपा महिला मोर्चा नियुक्ति: बिलासपुर ग्रामीण की कमान गायत्री साहू को मिली,संगठन में सक्रियता का मिला पुरस्कार

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यालय द्वारा महिला मोर्चा के संगठन विस्तार के तहत जारी नई नियुक्तियों में बिलासपुर ग्रामीण जिला विशेष रूप से चर्चा में है, जहाँ श्रीमती गायत्री साहू को जिलाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव की सहमति से की गई है और तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी।


गायत्री साहू लंबे समय से संगठन में सक्रिय रही हैं। इससे पूर्व वे भाजपा महिला मोर्चा में जिला महामंत्री के रूप में कार्य कर चुकी हैं, जहाँ उनके कार्यकाल को संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए सराहा गया था। उनके प्रभावी कार्य के लिए उन्हें संगठन स्तर पर सम्मानित भी किया जा चुका है, जिससे उनका नाम जिला नेतृत्व की दौड़ में स्वाभाविक रूप से आगे माना जा रहा था।


राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि उन्हें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का विश्वास प्राप्त है। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू तथा उप मुख्यमंत्री अरुण साव से उनकी निकटता को भी उनके राजनीतिक सफर में सहायक कारक के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि नियुक्ति का आधार मुख्यतः उनका संगठनात्मक अनुभव और सक्रियता है।


प्रदेश स्तर पर महिला मोर्चा को सशक्त बनाने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि गायत्री साहू के नेतृत्व में बिलासपुर ग्रामीण में महिला मोर्चा नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी।