Loading ...
क्राइमन्यूज़ डेस्क

सरपंच बनने की चाह में पिता ने की मासूम बेटी की हत्या, दोस्त संग रची साजिश

न्यूज डेस्क। महाराष्ट्र और तेलंगाना की सीमा से जुड़े एक दिल दहला देने वाले मामले में एक पिता पर अपनी ही छह वर्षीय बेटी की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पंचायत चुनाव लड़ने की महत्वाकांक्षा के चलते इस वारदात को अंजाम दिया।


आरोपी की पहचान 28 वर्षीय पांडुरंग कोंडमांगले के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के केरुर गांव में सैलून चलाता है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पांडुरंग आगामी पंचायत चुनाव में सरपंच पद के लिए उम्मीदवार बनना चाहता था। लेकिन महाराष्ट्र पंचायत राज नियमों के तहत दो से अधिक बच्चों वाले व्यक्ति को चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं है। पांडुरंग के परिवार में पत्नी, एक बेटा और जुड़वा बेटियां थीं, जिससे वह अयोग्य हो रहा था।


तेलंगाना के निजामाबाद पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, पांडुरंग ने इस समस्या को लेकर अपने मित्र और मौजूदा सरपंच गणेश शिंदे से चर्चा की। कथित रूप से दोनों ने मिलकर एक बच्ची को रास्ते से हटाने की साजिश बनाई। शुरुआत में बच्ची को गोद देने पर विचार हुआ, लेकिन दस्तावेजी रिकॉर्ड के कारण यह संभव नहीं लगा।


पुलिस का कहना है कि पांडुरंग अपनी बेटी प्राची को घुमाने के बहाने तेलंगाना के निजामाबाद जिले में निजामसागर नहर के पास ले गया और उसे पानी में धक्का दे दिया। आसपास मौजूद लोगों ने आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शव बरामद किया गया।


बच्ची की तस्वीरें सार्वजनिक करने पर उसकी पहचान हुई और जांच पिता तक पहुंची। पूछताछ में पहले गुमराह करने की कोशिश की गई, लेकिन सख्ती पर आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने पिता पर हत्या तथा आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कर उसे और कथित सह-साजिशकर्ता सरपंच को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।