ब्रेकिंग। सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा: झूला टूटने से पुलिस इंस्पेक्टर की मौत, कई घायल

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगा एक झूला अचानक टूटकर गिर गया, जिससे एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय झूले पर करीब 14 से 15 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि झूला अचानक ऊपर अटक गया, जिससे सवार लोग घबरा गए और चीखने-चिल्लाने लगे। इसी दौरान झूले की रेलिंग टूटकर गिर गई और कई लोग नीचे आ गिरे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मेले में मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
सूत्रों के मुताबिक, इस हादसे में एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
गौरतलब है कि शनिवार को ही मेले में एक और हादसा हुआ था, जब गेट नंबर-2 गिरने से दो लोग घायल हो गए थे। एक ही दिन में दो घटनाओं के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और झूला संचालकों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।