
बिलासपुर।बिलासपुर जिले के थाना सरकंडा क्षेत्रांतर्गत राजकिशोर नगर में 17 फरवरी 2026 की रात करीब 9:15 बजे हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए सोने के जेवरात, नगदी एवं घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिए गए हैं।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार बसंत विहार चौक, सरकंडा स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी रोजाना की तरह दुकान बंद कर करीब 2 किलो सोने के आभूषण, 200 ग्राम तैयार जेवर, 350 ग्राम कच्चा सोना, 100 ग्राम फाइन गोल्ड एवं 3.50 लाख रुपए नगद अपनी रेनॉल्ट क्विड कार (CG 10 AH 7701) में रखकर घर लौट रहे थे।राजकिशोर नगर के अंधे मोड़ के पास पहले से खड़ी मारुति ईको कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। कार से उतरते ही आरोपियों ने पिस्टल तानकर, बट और हथौड़े से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और कार सहित चार बैग में रखे जेवरात लूटकर फरार हो गए।
प्रार्थी विवेक तिवारी की रिपोर्ट पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 219/2026 धारा 126(2), 109, 309(6), 311 बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, एएसपी मधुलिका सिंह, पंकज पटेल एवं सीएसपी निमितेश सिंह मौके पर पहुंचे। आईजी के निर्देश पर रेंज स्तर पर नाकाबंदी कर विशेष टीमें गठित की गईं।
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण, डॉग स्क्वॉड एवं फॉरेंसिक जांच के साथ होटल, बस्तियों और संभावित ठिकानों की सघन जांच शुरू की गई। घटनास्थल से एक सफेद ईको कार, पैशन प्रो बाइक, 10 जिंदा कारतूस और एक हथौड़ा बरामद किया गया। लूटी गई क्विड कार ग्राम उत्तम और परसही के बीच लावारिस हालत में मिली, जहां से फिंगरप्रिंट एकत्र किए गए।

यूपी में दबोचे गए आरोपी
सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी उत्तर प्रदेश की ओर भागे हैं। बिलासपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया। मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना पुलिस ने 18 फरवरी की रात घेराबंदी कर विनोद उर्फ बीनू और करीम खान को वाहन सहित पकड़ा, जबकि विजय लांबा और मोनू उर्फ राहुल को जंगल से गिरफ्तार किया। वहां भी आर्म्स एक्ट के तहत अलग से प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना में शामिल इमरान (स्कार्पियो वाहन से रेकी करने वाला) को भी गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया गया है।

मास्टरमाइंड निकला शातिर अपराधी
पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना विजय लांबा एक कुख्यात अंतर्राज्यीय अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में 70 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। दिसंबर माह की एक अन्य घटना में भी उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
आरोपियों के कब्जे से लूटे गए जेवरात, नगदी एवं आग्नेयास्त्र बरामद कर लिए गए हैं। बिलासपुर पुलिस की टीम मिर्जापुर पहुंच चुकी है और आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।

पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में एएसपी मधुलिका सिंह, पंकज पटेल, उमेश कश्यप, निमितेश सिंह, प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन सहित एससीसीयू एवं थाना सरकंडा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के नेतृत्व में बिलासपुर पुलिस ने चुनौतीपूर्ण वारदात का खुलासा कर अंतर्राज्यीय गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य राज्यों में हुई वारदातों के संबंध में भी पूछताछ करेगी।