
बिलासपुर। जिले के बिल्हा ब्लॉक में एक बार फिर अवैध खनन और परिवहन का मामला सामने आया है, जिसने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से क्षेत्र में मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है।

ताजा मामला ग्राम पंचायत झलफा का है, जहां दिन-रात अवैध खुदाई का काम धड़ल्ले से जारी है। ग्रामीणों का आरोप है कि गुनिया साहू द्वारा इस अवैध खनन को अंजाम दिया जा रहा है। भारी मशीनों के जरिए मिट्टी और खनिज का उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा है, जिससे न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंच रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार प्रशासन को शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे खनन माफिया के हौसले बुलंद हैं और वे बेखौफ होकर अपने काम को अंजाम दे रहे हैं।
इस मामले में ग्राम पंचायत के सरपंच सुनील डहरिया से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन कॉल का जवाब नहीं दिया। सरपंच की इस चुप्पी से उनकी भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का मानना है कि यदि जनप्रतिनिधि ही जवाबदेही से बचते नजर आएंगे, तो समस्या का समाधान कैसे होगा।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी प्राथमिकता देता है और अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए क्या कड़े कदम उठाता है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले समय में यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।