Loading ...
बिलासपुरराजनीति

जिला पंचायत सदस्य श्रीमती स्मृति त्रिलोक श्रीवास ने बेलतरा विधानसभा में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का लगाया आरोप, कहा- कांग्रेस एवं अन्य दलों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को उद्घाटन, शिलान्यास और अनावरण में आमंत्रित नहीं किया जा रहा

बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा और अपमान को लेकर सियासत गरमा गई है। जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 3 की सदस्य श्रीमती स्मृति त्रिलोक श्रीवास ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र के विधायक सुशांत शुक्ला के संरक्षण में विभागीय अधिकारी विपक्ष से जुड़े जनप्रतिनिधियों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस एवं अन्य दलों से समर्थित निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शासकीय कार्यक्रमों—जैसे उद्घाटन, शिलान्यास और अनावरण—में आमंत्रित नहीं किया जा रहा है। जबकि परंपरा और प्रोटोकॉल के अनुसार, ऐसे आयोजनों में सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाना चाहिए और शिलालेख में उनके नाम भी अंकित किए जाते रहे हैं।

श्रीमती श्रीवास ने बताया कि वे पिछले 20 वर्षों से अधिक समय से पंचायती राज संस्थाओं में सक्रिय हैं और लगातार पांच चुनाव जीत चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में, जब से क्षेत्र में नए विधायक बने हैं, तब से विपक्षी जनप्रतिनिधियों की लगातार अनदेखी हो रही है।

उ न्होंने यह भी कहा कि शासकीय कार्यक्रमों में केवल भाजपा से जुड़े लोगों को ही प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि संगठन के पदाधिकारियों के नाम तक शिलालेख में शामिल किए जा रहे हैं, लेकिन निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को नजरअंदाज किया जा रहा है। अधिकारियों से इस संबंध में पूछने पर “ऊपर से निर्देश” होने की बात कही जाती है।


श्रीमती श्रीवास ने इस पूरे मामले को लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ बताते हुए कड़ी निंदा की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का घेराव किया जाएगा तथा शासकीय कार्यक्रमों का बहिष्कार भी किया जाएगा।