
सरगुजा। जिले के दरिमा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने पटवारी कार्यालय में घुसकर पटवारी और कंप्यूटर ऑपरेटर के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम कंठी स्थित पटवारी कार्यालय में बुधवार दोपहर पटवारी प्रकाश मंडल अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान मोनु कुजूर नाम का युवक कुछ साथियों के साथ कार्यालय पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि युवक ने पहले कार्यालय के अंदर ही पटवारी प्रकाश मंडल और कंप्यूटर ऑपरेटर के साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद जब पटवारी बाहर निकले तो आरोपी ने उन्हें लात-घूंसों से पीटा और डंडे से भी हमला किया। बताया जा रहा है कि आरआई (रेवेन्यू इंस्पेक्टर) का मोबाइल नंबर मांगने को लेकर विवाद शुरू हुआ था।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आरोपी मोनु कुजूर जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करता है और उसका राजनीतिक कनेक्शन भी बताया जा रहा है। उसकी कुछ तस्वीरें महापौर मंजूषा भगत और विधायक प्रबोध मिंज के साथ भी सामने आई हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की जानकारी मिलने पर पटवारी संघ के पदाधिकारी दरिमा थाने पहुंचे। मामला कलेक्टर अजीत वसंत के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने तत्काल FIR दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने देर रात आरोपी जितेंद्र कुजूर को गिरफ्तार कर लिया।
घटना से नाराज पटवारी संघ ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संघ ने आरोपी का जुलूस निकालने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन किया जाएगा।