Loading ...
न्यूज डेस्क

बारात में पहुंचे दोगुने मेहमान, खाने में मिलाया जमालगोटा; खेतों की ओर भागे बाराती

न्यूज डेस्क। बिहार के सीवान जिले में एक शादी समारोह के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बारातियों की संख्या तय संख्या से दोगुनी पहुंच गई। बताया जा रहा है कि लड़की पक्ष ने 100 बारातियों के खाने की व्यवस्था की थी, लेकिन बारात में करीब 200 लोग पहुंच गए। इससे नाराज लड़की के पिता ने कथित तौर पर खाने में जमालगोटा मिला दिया।

जानकारी के मुताबिक, खाना खाने के कुछ देर बाद ही बारातियों की तबीयत बिगड़ने लगी। कई लोगों को अचानक तेज दस्त और पेट दर्द की शिकायत हुई। हालत ऐसी हो गई कि लोग इधर-उधर भागने लगे और कई बाराती पास के खेतों की ओर दौड़ पड़े। शादी समारोह में कुछ देर के लिए हड़कंप और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में लोगों को समझ नहीं आया कि अचानक इतनी बड़ी संख्या में लोग बीमार कैसे पड़ गए। बाद में चर्चा फैलने लगी कि खाने में जमालगोटा मिलाया गया था। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद भी हुआ।

हालांकि, इस मामले को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि खाने में वास्तव में क्या मिलाया गया था। घटना का वीडियो और चर्चा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।