डीजल-पेट्रोल संकट और महंगाई मोदी की गलत नीतियों का नतीजा, कांग्रेस ने प्रेसवार्ता कर मोदी सरकार पर किया तीखा हमला, “- मोदी की गलत नीतियों का नतीजा आज देश भोग रहा ” : उमेश पटेल

बिलासपुर। डीजल, पेट्रोल, गैस संकट और बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर प्रेसवार्ता कर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के जिला प्रभारी एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल ने आज कांग्रेस भवन में प्रेसवार्ता कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपीलों को जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा बतलाते हुए तीखा हमला किया ।

श्री उमेश पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों से उर्वरक का कम उपयोग करने, लोगों से वर्क फ्रॉम होम अपनाने, महिलाओं से खाद्य तेल और गैस का कम उपयोग करने, सोना नहीं खरीदने तथा विदेश यात्रा कम करने की सलाह दी है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार समस्याओं का समाधान करने के बजाय जनता को समझाइश दे रही है।
श्री पटेल ने कहा कि देश में उर्वरकों की कमी के कारण किसानों की उत्पादकता प्रभावित हो रही है। छत्तीसगढ़ में उर्वरकों की जरूरत के मुकाबले पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पाई है, जिससे किसान परेशान हैं। किसानों को जरूरत से आधे उर्वरक दी जा रही है इसका सीधा प्रभाव किसानों की ऊपज पर पड़ेगी और उपज कम होगी जिससे महंगाई और गरीबी दोनों बढ़ेगी।
वही उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। खाद्य तेल, गैस और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में बढ़ोतरी से गृहिणियों को खर्च में कटौती करनी पड़ रही है।
सोने की कीमतों को लेकर कहा कि वर्ष 2013 की तुलना में सोना कई गुना महंगा हो चुका है। आज अंतर्राष्ट्रीय मार्केट में सोने की कीमतो में 3 गुना इजाफा हुआ है लेकिन वहीं भारत में सोने की कीमत में आज 6 गुना इजाफा हुआ है। लगातार डालर के मुकाबले पैसे की कीमत गिरते जा रही है। यह मोदी सरकार की गलत नीतियों का नतीजा है। वहीं पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का मुद्दा उठाते हुए कहा गया कि केंद्र सरकार ने टैक्स बढ़ाकर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला है।
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं और सरकारी खर्चों को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वयं अपनी विदेश यात्राओ में कटौती कर आज जनता के सामने उदाहरण प्रस्तुत करनी चाहिए।। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने क्रूड ऑयल भंडारण के लिए कोई नया केंद्र नहीं बनाया । आज जितने भी भंडारण है वह कांग्रेस कार्यकाल में बनाए गए भंडारण है। जिसकी क्षमता लगभग 5.33 मिलियन टन है। जिसके कारण संकट की स्थिति पैदा हुई।
श्री पटेल ने भाजपा नेताओं और मंत्रियों से पहले खुद डीजल-पेट्रोल बचाने की अपील पर अमल करने की बात भी कही। अंत में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से आम आदमी कर्जदार होता जा रहा है तथा केंद्र सरकार इन समस्याओं को नियंत्रित करने में विफल रही है।
इस प्रेसवार्ता के दौरान संगठन प्रभारी सुबोध हरितवाल, शहर जिला अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा,ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया,कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव,पूर्व विधायक शैलेश पांडेय,पूर्व राज्यसभा सांसद इंग्रीड मैक्लोड ,पूर्व महापौर रामशरण यादव,विजय पांडे,शेख नजरुद्दीन,विजय केशरवानी,रवींद्र सिंह,शहजादी कुरैशी,पिंकी बत्रा,आदि प्रमुखरूप से उपस्थित रहे।