बिलासपुर सेंट्रल जेल में बंदी की हत्या, सीमेंट स्लैब से सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट

बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। जेल परिसर के भीतर एक विचाराधीन बंदी की सीमेंट के भारी स्लैब से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है और जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय नीलू जगत निवासी कोटा के रूप में हुई है। वह किसी मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में सेंट्रल जेल में निरुद्ध था। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे जेल के ई-1 बैरक में यह घटना हुई।
बताया जा रहा है कि चामरी, जिला मुंगेली निवासी 40 वर्षीय कैदी राजेश राय ने अचानक नीलू जगत पर हमला कर दिया। आरोपी ने बैरक में रखे सीमेंट के भारी ढक्कननुमा स्लैब से उसके सिर पर कई वार किए। हमले में नीलू गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही जेल कर्मियों ने घायल बंदी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद जेल अधिकारियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी राजेश राय पहले से ही गंभीर आपराधिक मामलों में बंद है। उसके खिलाफ तीन हत्या और दो हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं और वह सजा काट रहा है। ऐसे गंभीर अपराधों में शामिल कैदी द्वारा जेल के अंदर हत्या की घटना को अंजाम देना जेल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
फिलहाल हत्या की वजह सामने नहीं आ सकी है। पुलिस और जेल अधिकारी बैरक में मौजूद अन्य बंदियों से पूछताछ कर रहे हैं। घटना के पीछे आपसी विवाद, पुरानी रंजिश या अन्य कारणों की जांच की जा रही है। आरोपी बंदी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।