कोटा नगर पंचायत को मिला नगर पालिका का दर्जा, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर,महिला मोर्चा की अध्यक्ष ने अरुण साव से मिलकर जताया आभार
कोटा। लंबे समय से चली आ रही क्षेत्रवासियों की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। राज्य शासन ने कोटा नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा प्रदान कर दिया है। शासन के इस महत्वपूर्ण निर्णय के बाद पूरे क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है।
नगर पालिका का दर्जा मिलने से कोटा क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। बेहतर नगरीय सुविधाएं, विकास योजनाओं का विस्तार और प्रशासनिक व्यवस्था में मजबूती आने की संभावना से लोगों में काफी उत्साह है।
राज्य शासन के इस निर्णय पर कोटा नगर की जनता ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया है।
इस खुशी के अवसर पर गायत्री साहू ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर कोटा क्षेत्र की जनता की ओर से धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत से नगर पालिका बनने का निर्णय क्षेत्र के विकास के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। इससे आने वाले समय में कोटा में विकास कार्यों को और मजबूती मिलेगी।
क्षेत्रवासियों ने भी शासन के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे कोटा के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।