जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क से ‘ऑपरेशन गोल्ड’ तक, छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के दो साल रहे उपलब्धियों से भरे
28 जून को बिलासपुर में होगा प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन, 5 हजार से अधिक व्यापारी होंगे शामिल
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में अपने सफलतम दो वर्ष पूरे कर लिए हैं। इन दो वर्षों में संगठन ने सराफा व्यापारियों के हितों की रक्षा, संगठन विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था, जागरूकता अभियान, डिजिटल सशक्तिकरण और व्यापारिक विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। अब संगठन तीसरे वर्ष को नई ऊर्जा और नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ाने की तैयारी में है।

छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन की दो वर्षों की उपलब्धियों को लेकर आज 26 जून को राज्य स्तरीय प्रेस कॉन्फ्रेंस बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित की गई। जिसमें छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने अपने दो वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए आगामी 28 जून को बिलासपुर शहर में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन की रूपरेखा की जानकारी साझा किया ।
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन एवं तृतीय आमसभा का आयोजन 28 जून 2026 रविवार को सुबह 10 बजे से रामदेव लॉन, 36 मॉल के पास, मंगला बिलासपुर में किया जाएगा। इस महासम्मेलन में प्रदेशभर से लगभग 5 हजार सराफा व्यापारी, प्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल होंगे।
इससे पहले संगठन की आमसभाएं जगदलपुर और जांजगीर में सफलतापूर्वक आयोजित हो चुकी हैं। इस बार न्यायधानी बिलासपुर को इस बड़े आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला।
संगठन विस्तार की ऐतिहासिक यात्रा
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि जनवरी 2024 में प्रदेश में संगठन की करीब 60 सक्रिय इकाइयां थीं। लगातार संगठन विस्तार अभियान के चलते वर्तमान में प्रदेशभर की 125 से अधिक सराफा इकाइयां संगठन से जुड़ चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन का लक्ष्य प्रदेश में 251 इकाइयों का गठन करना है। इसके लिए संभागीय स्तर पर बैठकें, आमसभाएं, जनसंवाद अभियान और प्रतिनिधियों की नियुक्ति लगातार की जा रही है।
सुरक्षा और जागरूकता में अहम भूमिका
पिछले दो वर्षों में संगठन ने व्यापारियों और ग्राहकों के बीच विश्वास बढ़ाने के लिए कई जागरूकता अभियान चलाए। बीआईएस हॉलमार्क वाले आभूषणों की खरीद, ग्राहक जागरूकता और व्यापारिक प्रशिक्षण को लेकर लगातार कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने ग्राहकों से अपील की कि वे केवल बीआईएस हॉलमार्क युक्त आभूषण खरीदें और विश्वसनीय सराफा व्यापारियों से ही लेन-देन करें।
‘ऑपरेशन गोल्ड’ बना पुलिस-सराफा समन्वय की मिसाल
बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाया गया ‘ऑपरेशन गोल्ड’ पुलिस और सराफा व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण बना। सरकंडा क्षेत्र में हुई डकैती की घटना के बाद पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की थी।
इस उपलब्धि के लिए छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन द्वारा आईजी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह सहित पूरी पुलिस टीम का सम्मान विशेष आभार व्यक्त किया गया।
जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क से उद्योग को मिलेगी नई पहचान
उन्होंने संगठन की प्रमुख उपलब्धियों में रायपुर में प्रस्तावित जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क को जताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ के सराफा उद्योग को नई दिशा देगी। इसमें आधुनिक कार्यालय, सामुदायिक भवन और व्यापारिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
महासम्मेलन में उठेगा धारा 317 के सरलीकरण का मुद्दा
28 जून को होने वाले सराफा महासम्मेलन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317 के सरलीकरण का मुद्दा प्रमुख रहेगा। संगठन व्यापारियों को हो रही व्यावहारिक और कानूनी परेशानियों को लेकर शासन से सरल और स्पष्ट नियमों की मांग करेगा।
तीसरे वर्ष के लिए संगठन का नया संकल्प
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापारियों की सुरक्षा, व्यापारिक हितों की रक्षा, आधुनिक सुविधाओं का विकास, स्वर्णकला बोर्ड की स्थापना और हर व्यापारी को मजबूत मंच उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा, “दो वर्ष उपलब्धियों से भरे रहे हैं। अब हमारा लक्ष्य 251 इकाइयों का गठन, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क को आगे बढ़ाना, व्यापारियों की सुरक्षा मजबूत करना और धारा 317 के सरलीकरण के लिए प्रयास करना है।”
तैयारियों में जुटे पदाधिकारी
महासम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में प्रदेश सचिव प्रकाश गोलछा, कोषाध्यक्ष हर्षवर्धन जैन, प्रदीप मारोठी घोरपड़े, संजय कानुगा, उत्तमचंद भंडारी, पवन अग्रवाल, राजू दुग्गड़, राजेश सोनी, सुनील सोनी, आलोक सोनी, कल्याण सिंह, दीपक सोनी सहित प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हैं।
बिलासपुर सहित प्रदेश की विभिन्न सराफा संस्थाओं की सहभागिता से आयोजित होने वाला यह महासम्मेलन सराफा व्यापारियों की एकता और संगठन की ताकत का बड़ा मंच साबित होने की उम्मीद है।