दिनदहाड़े ज्वैलर्स दुकान में लूट का प्रयास!
मिर्ची पाउडर, कट्टा और चाकू लेकर पहुंचे बदमाश
दुकानदार की बहादुरी से टली बड़ी वारदात,पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद
कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छुरी बाजार स्थित राज ज्वैलर्स में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े तीन नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर लूट का प्रयास किया। बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में घुसे और सोने की अंगूठी दिखाने के बहाने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे तीन बदमाश ग्राहक बनकर दुकान पहुंचे। इनमें से एक आरोपी महिला की वेशभूषा में सलवार-सूट पहनकर आया था ताकि उसकी पहचान न हो सके। जैसे ही दुकानदार ने जेवरात दिखाने के लिए काउंटर खोला, एक आरोपी ने उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया। इसके बाद कट्टे और चाकू की नोक पर बदमाशों ने काउंटर में रखे जेवर समेटने शुरू कर दिए।
वारदात के समय दुकान में तीन कर्मचारी मौजूद थे। लूट के बाद भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों का दुकानदार राजकुमार अग्रवाल ने साहसपूर्वक पीछा किया। इस दौरान आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। हाथापाई के दौरान बदमाशों ने उनके हाथ में दांत से भी काट लिया।
दुकानदार के साहस के चलते बड़ी लूट की वारदात टल गई। भागमभाग में आरोपी अपना कट्टा और प्लैटिना बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। हालांकि वे कुछ असली जेवरात के साथ कुछ आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी अपने साथ ले जाने में सफल रहे।
घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने मौके से बरामद कट्टा और बाइक को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों ने वारदात से पहले दुकान की रेकी की थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। महिला के वेश में आए आरोपी की पहचान पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। कटघोरा एसडीओपी ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र के सराफा व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और नियमित पुलिस गश्त की मांग की है।