Loading ...
Uncategorized

बड़ी खबर। बिलासपुर के कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर, रायपुर रेफर

बिलासपुर। शहर में शनिवार सुबह बेखौफ बदमाशों ने कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमला कर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। मॉर्निंग वॉक पर निकले कांग्रेस नेता को तीन नकाबपोश हमलावरों ने रेलवे अस्पताल के पास घेर लिया और डंडों व नुकीले हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर लहूलुहान कर दिया। गंभीर रूप से घायल श्याम कश्यप को पहले रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब 6:45 बजे की है। श्याम कश्यप रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान तारबाहर थाना क्षेत्र स्थित रेलवे अस्पताल के पास पहले से घात लगाए बैठे तीन अज्ञात बदमाशों ने, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे, उन्हें घेर लिया। इसके बाद बदमाशों ने डंडों और नुकीले हथियार से लगातार हमला शुरू कर दिया। हमले के दौरान आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।


हमले में श्याम कश्यप के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें बदमाशों के चंगुल से छुड़ाया और तत्काल रेलवे अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही तारबाहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात तीनों हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।


दिनदहाड़े मॉर्निंग वॉक पर निकले एक राजनीतिक नेता पर हुए इस हमले ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हमले के पीछे की वजह, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।