एसईसीएल के सहयोग से जीवन संस्कार सेवा समिति की “इंकलाब युवा संसद 2026” का भव्य एवं सफल समापन

बिलासपुर। जीवन संस्कार सेवा समिति द्वारा एसईसीएल के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय युवा सम्मेलन “इंकलाब युवा संसद 2026” का समापन समारोह अचीवर्स पब्लिक स्कूल, बिलासपुर में अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से आए प्रतिभागियों ने विभिन्न समितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली परिचय दिया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू रहे। अपने प्रेरक उद्बोधन में उन्होंने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की यात्रा साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने एक पंचायत प्रतिनिधि के रूप में सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और आज भारत सरकार में राज्य मंत्री के रूप में जनसेवा का अवसर प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प, सतत परिश्रम और समाजसेवा के प्रति समर्पण ही सफलता का आधार है।

सम्मेलन के दौरान विभिन्न समितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कुल ₹1,20,000 की नगद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। महाभारत समिति में द्रौपदी टीम विजेता रही। यूनिसेफ समिति में रूस का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतिभागी को सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधि का पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि इटली के प्रतिनिधिमंडल को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। आईपीएल समिति में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु विजेता रही। अन्य विभिन्न समितियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
जीवन संस्कार सेवा समिति के अध्यक्ष मोहनीश ने कहा कि “इंकलाब युवा संसद 2026” युवाओं को नेतृत्व, नीति-निर्माण, संवाद एवं राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह आयोजन ऐतिहासिक सफलता प्राप्त कर सका।
समिति ने आयोजन के सफल संचालन में एसईसीएल के अमूल्य सहयोग के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही अचीवर्स पब्लिक स्कूल की प्राचार्या श्रीमती अंकिता जायसवाल, समस्त शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार का कार्यक्रम को सफल बनाने में दिए गए सहयोग एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
समिति ने आयोजन की सफलता का श्रेय आयोजन समिति के सदस्यों शुभम, प्रवीण स्वामी, अमीषा, कमल एवं सहित संपूर्ण टीम के अथक परिश्रम, समर्पण एवं कुशल समन्वय को दिया। जीवन संस्कार सेवा समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि “इंकलाब युवा संसद” भविष्य में भी युवाओं के व्यक्तित्व विकास, लोकतांत्रिक चेतना एवं राष्ट्र निर्माण के लिए एक प्रभावी मंच के रूप में अपनी पहचान को और अधिक सशक्त करेगा।