Loading ...
बिलासपुर

बुके नहीं, कॉपी-पेन लाएं: जन्मदिन पर एएसपी की अनूठी पहल, जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचेगी शिक्षा की रोशनी

बिलासपुर। जन्मदिन को समाज सेवा से जोड़ते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने एक प्रेरणादायी पहल की है। उन्होंने अपने जन्मदिन पर फूल-मालाओं और उपहारों के बजाय लोगों से जरूरतमंद बच्चों के लिए कॉपी, पेन और अन्य शैक्षणिक सामग्री भेंट करने की अपील की।

एसएसपी की इस पहल को लोगों का भरपूर समर्थन मिला। बड़ी संख्या में नागरिकों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने शिक्षा सामग्री भेंट कर इस अभियान में सहभागिता निभाई। एकत्रित कॉपी, पेन, पेंसिल, रबर, ज्योमेट्री बॉक्स सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री अब आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बच्चों को वितरित की जाएगी।

Oplus_16908288

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत खुशी का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी माध्यम बन सकता है। उनका उद्देश्य ऐसे बच्चों तक शिक्षा की आवश्यक सामग्री पहुंचाना है, जो संसाधनों के अभाव में पढ़ाई करने में कठिनाई का सामना करते हैं।

Oplus_16908288

उन्होंने कहा कि यदि समाज का हर व्यक्ति अपने किसी विशेष अवसर पर जरूरतमंदों की मदद का संकल्प ले, तो अनेक बच्चों का भविष्य संवारा जा सकता है। उनकी इस पहल की शहरभर में सराहना हो रही है और लोग इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बता रहे हैं।

जिले के एसएसपी की इस अनूठी पहल का बिलासपुर में व्यापक स्वागत किया जा रहा है। बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजित मिश्रा, आशीष मौर्या, ऋतु साहू, प्रियंका सिंह, ललित गोपाल, दिव्यांशु साहू एवं नारायण लुनिया सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसर को समाज सेवा से जोड़ना अनुकरणीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस अभियान से जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी और समाज में सेवा व सहयोग की भावना को नई प्रेरणा मिलेगी।