Loading ...
बिलासपुर

“सुरक्षित आहार हमर अधिकार” अभियान के तहत खाद्य विभाग ने शहर के कई नामी होटलों व रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण की, होटल में साफ सफाई एवं खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने दिए सख्त निर्देश

बिलासपुर। नियंत्रक (खाद्य एवं औषधि प्रशासन) एवं कलेक्टर महोदय के निर्देशानुसार तथा उपसंचालक डॉ. शुभा गरेवाल के मार्गदर्शन में संचालित विशेष सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान “सुरक्षित आहार हमर अधिकार” के तहत आज दिनांक 20.11.2026 को बिलासपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित प्रमुख होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया गया।

Oplus_16908288

इस विशेष अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के प्रमुख होटलों, रेस्टोरेंटों और खाद्य फर्मों में स्वच्छता, भंडारण एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच की।

शहर के प्रमुख होटलों से विधिक नमूने लिए गए और उनमें सुधार की अनुशंसा की गई। खाद्य विभाग के निरीक्षण दल द्वारा 05 प्रतिष्ठानों की जांच कर निम्नलिखित कार्रवाई की गई। जिनमें मेसर्स होटल ईस्ट पार्क (अग्रसेन चौक): यहाँ से गुणवत्ता परीक्षण हेतु वेज ग्रेवी और पनीर का विधिक नमूना लिया गया।

मेसर्स होटल ग्रैंड अंबा प्रतिष्ठान के निरीक्षण के उपरांत कमियों के मद्देनजर अभिहित अधिकारी महोदय को सुधार सूचना (Improvement Notice) जारी करने की अनुशंसा की गई, साथ ही टोमैटो ग्रेवी और हल्दी पाउडर का विधिक नमूना संकलित किया गया।

मेसर्स होटल सिल्वर ओक: निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं पर सुधार सूचना जारी करने हेतु अभिहित अधिकारी को अनुशंसा की गई।

मेसर्स दावते दिल्ली (शिव टॉकीज रोड एवं टेलीफोन एक्सचेंज रोड): दोनों शाखाओं में खाद्य सामग्री के वैज्ञानिक भंडारण व उपयोग हेतु FIFO (First In First Out) प्रणाली का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, रसोई कर्मियों द्वारा हेड कैप व ग्लव्स के अनिवार्य उपयोग सहित अन्य आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए।

इसी प्रकार से विभाग द्वारा मोपका एवं नेहरू चौक स्थित प्रतिष्ठानों— डाउन टाउन (मोपका), गुलमोहर रेस्टोरेंट (मोपका) तथा पौष्टिकम (नेहरू चौक) का भी सघन निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान कमियां पाए जाने पर डाउन टाउन (मोपका) को सुधार सूचना जारी कर अभिहित अधिकारी महोदय को अनुमोदित किया गया।

सभी संचालकों को खाद्य पदार्थों में न्यूज पेपर का उपयोग पूर्णतः बंद करने, कर्मचारियों को हमेशा हेड कैप व ग्लव्स पहनने तथा परिसर में ढक्कन युक्त (क्लोज) डस्टबिन रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

जिन फर्मों के पास पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट और कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं था, उन्हें तत्काल बनवाने हेतु निर्देशित किया गया।

इस संपूर्ण निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई में अभिहित अधिकारी आर. आर. देवांगन, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीर सागर पटेल, तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमिशा मरावी एवं प्रतीक तिवारी आदि शामिल थे।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु यह निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा।