Loading ...
बिलासपुरराजनीति

अमित जोगी ने की 2.0 का ऐलान:  ‘बेटा बचाओ आंदोलन’ के साथ युवाओ को नशे के गिरफ्त से निकलेंगे, विस्थापित लोगों के मामलों की पैरवी वे स्वयं निःशुल्क करेंगे

बिलासपुर। बिलासपुर में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने बुधवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान “जेसीसीजे 2.0 – नया विज़न, नया स्वरूप और नई कार्ययोजना” की औपचारिक शुरुआत की.. पार्टी की सर्वोच्च नेता डॉ. रेणु जोगी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित जोगी, प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर उपाध्याय सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी इस अवसर पर मौजूद रहे.. पत्रकारों को संबोधित करते हुए अमित जोगी ने कहा कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) अब नए संगठनात्मक ढांचे, नई सोच और जनकेंद्रित कार्ययोजना के साथ प्रदेशभर में अपनी गतिविधियों का विस्तार करेगी.

उन्होंने बताया कि JCCJ 2.0 को प्रदेशव्यापी “बेटा बचाओ आंदोलन” से जोड़ा गया है, क्योंकि यह अभियान नशे की गिरफ्त में फंस रहे युवाओं को बचाने और परिवारों को जागरूक करने का सामाजिक प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि माताओं, परिवारों, शिक्षकों, चिकित्सकों और पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है.

अमित जोगी ने कहा कि पार्टी अब किसी परिवार या विरासत की मोहताज नहीं है और संगठन को नए स्वरूप में जनता के बीच ले जाया जाएगा। उन्होंने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए देश में गंभीर राजनीतिक सुधारों की आवश्यकता है।

उन्होंने दावा किया कि उन्होंने निर्वाचन आयोग की सूची में शामिल करीब 66 मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों को आगामी चुनावों के बहिष्कार का प्रस्ताव भेजा है। साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की एकजुटता का प्रयास भी किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) प्रदेश में एक स्वतंत्र और संघर्षशील राजनीतिक विकल्प के रूप में आगे बढ़ेगी..

जग्गी प्रकरण से जुड़े सवाल पर अमित जोगी ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वे कानून के दायरे में रहकर अपनी कानूनी लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि नकटी सहित हसदेव, लैलूंगा, बचेली, केशदा-इकलामा (कवर्धा), पथर्रा-बेमेतरा और फास्टरपुर-मुंगेली जैसे क्षेत्रों के विस्थापित लोगों के मामलों की पैरवी वे स्वयं एक अधिवक्ता के रूप में निःशुल्क कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।

इस अवसर पर डॉ. रेणु जोगी ने अपने जीवन के संस्मरण साझा करते हुए स्वर्गीय अजित जोगी के सादगीपूर्ण व्यक्तित्व का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि विवाह के समय अजित जोगी ने दहेज लेने से स्पष्ट इनकार किया था और जीवनभर सिद्धांतों एवं सामाजिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। अमित जोगी ने भी बिलासपुर से अपने परिवार के भावनात्मक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि उनके माता-पिता स्वर्गीय अजित जोगी और डॉ. रेणु जोगी का बचपन बिलासपुर में बीता तथा उनकी प्रेम कहानी की शुरुआत भी बिलासपुर प्रेस क्लब के निकट कंपनी गार्डन से हुई थी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर उनके लिए किसी तीर्थस्थल से कम नहीं है।

पत्रकार वार्ता में पार्टी नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, जनसंपर्क अभियान और प्रदेशव्यापी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने पार्टी की भावी रणनीति, जनहित के मुद्दों और राजनीतिक दिशा पर विस्तार से अपनी बात रखी, कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी ने बिलासपुर की मीडिया बिरादरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि JCCJ 2.0 और “बेटा बचाओ आंदोलन” को एक साझा जनआंदोलन के रूप में प्रदेशभर में आगे बढ़ाया जाएगा.