बिलासपुर। शहर के तारबाहर थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर मॉर्निंग वॉक के दौरान हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वारदात में शामिल दो आरोपियों (जिसमें एक अपचारी बालक शामिल है) को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि कांग्रेस नेता की हत्या के लिए 5 लाख रुपये की फिरौती (सुपारी) दी गई थी। मामले का मुख्य सूत्रधार और एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान घेराबंदी कर किया था हमला
शिकायतकर्ता शिशिर कश्यप के मुताबिक, घटना 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7:00 बजे की है। उनके पिता श्याम कश्यप जब रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने हाथ में डंडा लेकर उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नियत से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर तारबाहर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
5 लाख की फिरौती का सनसनीखेज खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में तारबाहर थाना प्रभारी रविन्द्र अनंत व ACCU की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने जब घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला, तो हमले में इस्तेमाल हुई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (CG 31C 1957) का सुराग मिला। वाहन के पंजीकृत स्वामी और कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में बड़ा खुलासा: पकड़े गए आरोपी नितिन टेकाम (21 वर्ष, गौरेला) और विधि से संघर्षरत बालक ने कुबूल किया कि गौरेला-पेण्ड्रा निवासी दीपक तिवारी ने बिलासपुर के एक व्यक्ति की हत्या करने के लिए उन्हें 5-5 लाख रुपये की फिरौती का लालच दिया था।
मुख्य आरोपी ने खुद मौके पर खड़े होकर कराया था ‘इशारा’
साजिश के तहत दीपक तिवारी खुद बिलासपुर आया था। घटना के वक्त वह रेलवे अस्पताल के पास ही मौजूद था। जैसे ही कांग्रेस नेता श्याम कश्यप वहां पहुंचे, दीपक ने नितिन टेकाम, साहिल सोनकर और अपचारी बालक को इशारा कर कहा— “यही वह व्यक्ति है, जिसका काम तमाम करना है।” इशारा मिलते ही आरोपियों ने हाथ में रखे डंडे से श्याम कश्यप के सिर, हाथ और पैर पर जानलेवा हमला कर दिया।
दो आरोपी जेल दाखिल, मुख्य साजिशकर्ता की तलाश तेज
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक लकड़ी का डंडा, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी नितिन टेकाम को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि अपचारी बालक को बाल न्यायालय में पेश किया गया है।
मामले में पुलिस ने विवेचना के दौरान धारा 61(2), 109, और 55 BNS (भारतीय न्याय संहिता) के तहत आपराधिक षड्यंत्र और हत्या के प्रयास की धाराएं जोड़ी हैं। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी दीपक तिवारी और साहिल सोनकर की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे मामले में कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।