बड़ी खबर। रायपुर में भाजपा-कांग्रेस प्रदर्शन के बाद बवाल, 12 कांग्रेस नेताओं- कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज, पढ़िए FIR में लिखा क्या है.!!

रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान बुधवार शाम हुए हंगामे के बाद पुलिस ने 12 कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर पथराव किया, कांच की बोतलें, लकड़ी के टुकड़े और जूते फेंके, जिससे कई पुलिस अधिकारी और जवान घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, घटना में लगभग 16 पुलिसकर्मी और अधिकारी घायल हुए हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। इस संबंध में खम्हारडीह थाना प्रभारी भावेश कुमार गौतम की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई गई, लोक सेवकों के साथ बल प्रयोग किया गया तथा कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया गया। इन्हीं आरोपों के आधार पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मध्य जोन के एडीसीपी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन की ओर प्रदर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पथराव और अन्य वस्तुएं फेंकी, जिससे पुलिस बल को चोटें आईं।
बताया गया है कि भाजपा द्वारा कांग्रेस के दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास घेराव के विरोध में राजीव भवन घेराव का कार्यक्रम घोषित किया गया था। इसे देखते हुए पुलिस ने पहले से ही क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।
पुलिस ने जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, उनमें सुनील कुकरेजा, विनोद तिवारी, सकलेन कामदार, आकाश तिवारी, अजीत कुकरेजा, हनी बग्गा, शांतनु झा, गावेश साहू, खूबी डहरिया, सागर दुल्हनी, अजीज भिनसरा और अमित तिवारी सहित अन्य नाम शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



