बारिश के तेज बहाव में बहे कार से 4 दिनों बाद पति-पत्नी का लिपटा शव मिला,देखने वालों की आंखें हुई नम
न्यूज डेस्क। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में लात नाले के तेज बहाव में कार से बहे पति-पत्नी का शव घटना के चार दिन बाद बरामद कर लिया गया है।
यह दुखद हादसा 26 जुलाई को उस वक्त हुआ, जब क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण लात नाला उफान पर था। पुलिया पर पानी का स्तर और बहाव बेहद तेज होने के बावजूद कार सवार पति-पत्नी ने उसे पार करने की कोशिश की। पानी के तेज थपेड़ों के आगे कार बेकाबू हो गई और देखते ही देखते दंपति कार समेत गहरे पानी में बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीमों ने मोर्चा संभाला और नाले के तटीय इलाकों में लगातार खोजबीन शुरू की। चार दिनों तक चले गहन सर्च ऑपरेशन के बाद, बुधवार को घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर चिखली गांव के पास दोनों के शव बरामद हुए। शव को देखकर लोगों की आंखें नम हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की है। जिला प्रशासन ने भारी बारिश के दौरान उफनते नालों और जलमग्न रास्तों को पार न करने की सख्त चेतावनी लोगो को दी है।