एनटीपीसी सीपत में संविदाकर्मी ने कीटनाशक दवा का सेवन किया, अपोलो में इलाज जारी

बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत संयंत्र में कार्यरत एक संविदाकर्मी द्वारा बुधवार दोपहर कीटनाशक दवा का सेवन किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद उसे तत्काल एनटीपीसी सीपत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर किया गया।
एनटीपीसी सीपत के जनसंपर्क अधिकारी प्रवीण रंजन भारती द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ग्राम रांक निवासी श्री अनिल मंजारे को पीआर कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा उनकी योग्यता के अनुरूप संयंत्र अनुरक्षण (प्लांट मेंटेनेंस) के कार्य के लिए संविदा पर नियुक्त किया गया था।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि अनिल मंजारे द्वारा मौजूदा कार्य एवं कार्यस्थल में लगातार बदलाव की मांग की जा रही थी। इस संबंध में उन्हें स्पष्ट किया गया था कि संयंत्र में कार्य का निर्धारण संयंत्र की आवश्यकता और संबंधित कर्मचारी की योग्यता के अनुसार किया जाता है।
बुधवार दोपहर अनिल मंजारे ने कथित तौर पर कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। जानकारी मिलते ही उन्हें तत्काल एनटीपीसी सीपत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद मानवीय आधार पर उन्हें आगे के उपचार के लिए अपोलो अस्पताल भेजा गया।
एनटीपीसी प्रबंधन के अनुसार, अनिल मंजारे की हालत फिलहाल स्थिर है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।