
बिलासपुर। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, भरनी के विशाल प्रागंण में शिक्षा के साथ-साथ छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रबंधन द्वारा फिटनेस सेंटर का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के कर कमलों द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में तोखन साहू ( आवास तथा शहरी विकास केंद्रीय राज्य मंत्री, भारत सरकार), विशिष्ट अतिथि धर्मजीत सिंह (विधायक, तखतपुर) रहे। वही संस्था के प्रबंध निदेशक, डॉ० जी० एस० पटनायक, डायरेक्टर सुश्री लेखा श्री, प्रबंध समिति सदस्य सुश्री दिव्याश्री, सुदर्शन पटनायक, प्रभाकर पटनायक, असिस्टेंट डायरेक्टर ए० सामंत रॉय, विद्यालय के सी०ई०ओ० / प्राचार्य डॉ० बी० बी० महाता, उप प्राचार्य दिनेश विष्ट, प्रधान पाठिका नैंसी पारेख आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा फिटनेस सेंटर का उद्घाटन किया गया तथा अपने संबोधन में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने छात्रों के सर्वांगीण विकास और शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति विद्यालय प्रबंधन की जागरूकता के लिए क्षेत्र की जनता की ओर से विद्यालय के प्रबंधक डॉ० जी०एस० पटनायक की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए धन्यवाद ज्ञापित करने के साथ-साथ छात्रों के सर्वांगीण विकास हेतु लोकसभा भ्रमण के लिए आमंत्रित किया जिसे विद्यालय प्रबंधन ने सहर्ष स्वीकार किया।
विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक धर्मजीत सिंह ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा,स्वास्थ्य हेतु फिटनेस सेंटर, अटल टिंकरिंग लैब, बास्केट बॉल कोर्ट, बॉलीवॉल कोर्ट, फुटबॉल ग्राउंड, कंप्यूटर की तकनीकी शिक्षा एवं स्वीमिंगपूल आदि सुविधाओं के लिए विद्यालय प्रशासन की सराहना करते हुए छात्रों के सर्वांगीण विकास हेतु विधानसभा भ्रमण के लिए आमंत्रित किया जिसे विद्यालय प्रबंधन ने सहर्ष स्वीकार किया।
तत्पश्चात संस्था के प्रबंध निदेशक ने गुणवत्ता पूर्ण एवं तकनीकी शिक्षा द्वारा छात्रों के सर्वांगीण विकास के साथ सशक्त भारत के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए सबका धन्यवाद किया।
हर्षोल्लास के साथ समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम छात्रों द्वारा प्रस्तुत किया गया तत्पश्चात मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं अन्य सभी गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया गया और मुख्य अतिथि द्वारा विद्यालय परिसर में पौधरोपण करके प्रकृति के प्रति अपनी संवेदना एवं जागरूकता का संदेश दिया। सभा के अंत में उप प्राचार्य द्वारा कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।