Loading ...
BREAKING

डी.पी. विप्र महाविद्यालय में 185 यूनिट रक्तदान, 1735 विद्यार्थियों की हीमोग्लोबिन-रक्त समूह जांच, 500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण

बिलासपुर। डी.पी. विप्र महाविद्यालय में मंगलवार को मानव सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व का अनुपम संगम देखने को मिला। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), रेडक्रॉस सोसाइटी, एन.सी.सी., आशीर्वाद पैनल एवं एल्युमिनी कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर में विशाल रक्तदान शिविर, आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक एवं एलोपैथिक स्वास्थ्य जांच एवं निःशुल्क दवाई वितरण शिविर का भव्य आयोजन किया गया।

सुबह से ही महाविद्यालय परिसर में रक्तदाताओं और स्वास्थ्य परीक्षण कराने आए लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। विद्यार्थियों, शिक्षकों, पूर्व विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शहर के जागरूक नागरिकों ने इस शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

शिविर के दौरान कुल 185 यूनिट रक्तदान किया गया। रक्तदान करने वालों में बड़ी संख्या में युवा विद्यार्थी शामिल थे, जिनमें से कई ने पहली बार रक्तदान किया। 1735 छात्र-छात्राओं ने हीमोग्लोबिन एवं रक्त समूह की जांच करवाई वहीं 500 से अधिक लोगों ने आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक एवं एलोपैथिक पद्धति से स्वास्थ्य परीक्षण कराया। जांच के बाद जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

शिविर में 175 ऐसे छात्र-छात्राएं उपस्थित हुए, जिनकी उम्र 17 वर्ष होने के कारण वे रक्तदान नहीं कर पाये, वहीं 66 छात्राओं का वजन कम होने के कारण उन्हें रक्तदान करने से वंचित रहना पड़ा।इसके बावजूद इन विद्यार्थियों ने निराशा के बजाय संकल्प लिया कि अगले वर्ष 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने और स्वास्थ्य में सुधार के बाद वे अवश्य रक्तदान करेंगे। चिकित्सकों ने भी उन्हें सही खान-पान, आयरन युक्त आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच की सलाह दी। आयोजकों ने कहा कि यह उत्साह ही इस शिविर की सबसे बड़ी सफलता है, जो आने वाली पीढ़ी में रक्तदान के प्रति जागरूकता को दर्शाता है।

स्वास्थ्य शिविर में तीनों चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपस्थित रही।

 आयुर्वेदिक जांच – डॉक्टर भारती श्रीवास के नेतृत्व में स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया जिसमें नाड़ी परीक्षण, वात-पित्त-कफ प्रकृति के अनुसार परामर्श, जोड़ों के दर्द, पाचन संबंधी समस्याओं एवं मौसमी बीमारियों के लिए आयुर्वेदिक उपचार बताया गया।

होम्योपैथिक जांच –पुरानी बीमारियों, एलर्जी, त्वचा रोग, मानसिक तनाव एवं बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर लोगों ने परामर्श लिया।

शिविर में आए लोगों ने कहा कि एक ही स्थान पर तीनों पद्धतियों की जांच और निःशुल्क दवाई मिलना अपने आप में बड़ी सुविधा है।

रक्तदान शिविर में युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। रक्तदान करने वाले विद्यार्थियों ने कहा कि रक्तदान महादान है। हमारा दिया गया एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है। इससे बड़ा पुण्य का कार्य और कोई नहीं हो सकता।

शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। चिकित्सकों की टीम ने रक्तदान से पहले सभी रक्तदाताओं की आवश्यक जांच की और रक्तदान के बाद उन्हें उचित खान-पान एवं सावधानियों के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों में सेवा, मानवता, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। डी.पी. विप्र महाविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं है, बल्कि समाज सेवा का भी एक मजबूत मंच है। महाविद्यालय आगे भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

कार्यक्रम में प्रशासन समिति के अध्यक्ष  अनुराग शुक्ला, प्रशासन समिति के वरिष्ठ सदस्य राजकुमार अग्रवाल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. मनीष तिवारी, एल्युमिनी कमेटी के अध्यक्ष अविनाश सेठी ने भी आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होते रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर जैसे कार्यक्रम समाज को सीधे लाभ पहुंचाते हैं और युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, रेडक्रॉस प्रभारी डॉ. मनीष तिवारी,एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी डॉ. किरण दुबे, यूपेश कुमार एल्युमिनी कमेटी के नीलेश मांडेवार, चित्रकांत निडरवर, विकास सिंह ठाकुर, बृजेश बोले, अरुण नथानी, सहायक क्रीड़ा अधिकारी नागेंद्र सिंह, कराते प्रशिक्षक प्रतीक सोनी, प्रो विभांशु अवस्थी, प्रो हेल्सियन कांत प्रो सिखा पाण्डेय, आशीर्वाद पैनल के सदस्य एवं बड़ी संख्या में एन.एस.एस. स्वयंसेवक, एन.सी.सी. कैडेट्स उपस्थित रहे।

सभी ने शिविर को सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पंजीकरण से लेकर रक्तदान कक्ष, जांच कक्ष, दवाई वितरण कक्ष तक हर व्यवस्था को स्वयंसेवकों ने बखूबी संभाला।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में एन.एस.एस. स्वयं सेवकों, एन.सी.सी. कैडेट्स, रेडक्रॉस वॉलिंटियर्स एवं एल्युमिनी कमेटी के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

अंत में बिलासा ब्लड बैंक की ओर से सभी चिकित्सकों, रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं, अतिथियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया