Loading ...
बिलासपुर

लाल खदान- दोमुहानी जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर चौकसे कॉलेज एवं हॉली क्रॉस स्कूल के छात्र बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेड पहुंच कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा

बिलासपुर। लाल खदान एवं दोमुहानी ग्राम के मध्य स्थित अत्यंत जर्जर सड़क की शीघ्र मरम्मत और नवीनीकरण की मांग को लेकर चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस (इंजीनियरिंग, फार्मेसी, आयुर्वेद, लॉ, एमबीए, साइंस एवं कॉमर्स कॉलेज), एवं हॉली क्रॉस स्कूल के छात्र-छात्राओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।

आज दोपहर चौकसे कॉलेज एवं हॉली क्रॉस स्कूल के छात्र छात्राएं बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेड पहुंचे और उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन के माध्यम से स्कूल जाने वाली सड़क की दयनीय स्थिति की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से होने के कारण आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं व अप्रिय घटनाएं हो रही हैं। मार्ग खराब होने से आवागमन में अत्यधिक समय लगता है, जिससे विद्यार्थियों को कॉलेज पहुंचने में देरी होती है। विशेष रूप से परीक्षाओं के दौरान छात्रों को अनावश्यक विलंब और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

छात्रों ने भविष्य में किसी गंभीर सड़क दुर्घटना और जनहानि की आशंका जताते हुए कलेक्टर से इस जनहित और विद्यार्थी सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि संबंधित विभाग को तत्काल सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत व नवीनीकरण कार्य शुरू करने के लिए निर्देशित करने की मांग की।