Loading ...
बिलासपुरराजनीति

बिजली दरों में बढ़ोतरी और अघोषित कटौती के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, सीएसईबी कार्यालय का घेराव

बिलासपुर। राज्य सरकार द्वारा हाल ही में बिजली दरों में की गई वृद्धि और लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ कांग्रेस ने तीव्र विरोध दर्ज कराया है। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तिफरा स्थित छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसईबी) कार्यालय का घेराव किया और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में लालटेन लेकर पहुंचे, जिससे उन्होंने बिजली संकट की स्थिति को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाया। नारेबाजी करते हुए उन्होंने इस फैसले को “जनता की जेब पर डाका” करार दिया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि आम जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है, और अब बिजली दरों में बढ़ोतरी और बार-बार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही बिजली समस्या का समाधान नहीं किया और दरों में की गई वृद्धि को वापस नहीं लिया, तो राज्य भर में बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।