Loading ...
नगर निगमबिलासपुर

बारिश में भीगते सफाईकर्मी, कांग्रेस पार्षद दल आया आगे — नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप ने की तत्काल राहत व सड़क मरम्मत की मांग

बिलासपुर। शहर में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। सड़कों पर जगह-जगह जानलेवा गड्ढे बन गए हैं, जिससे आमजन को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। वहीं नगर निगम के सफाईकर्मी बिना किसी सुरक्षा उपकरण के पानी में उतरकर सफाई कार्य कर रहे हैं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए कांग्रेस पार्षद दल ने नगर निगम आयुक्त से मुलाकात कर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप ने कहा कि “सफाईकर्मी हमारे नगर निगम की रीढ़ हैं। बारिश में भीगते हुए ये कर्मचारी सुबह से सफाई कार्य में जुटे रहते हैं। ऐसे में उन्हें रेनकोट, बरसाती जूते और दस्ताने जैसे सुरक्षा उपकरण तुरंत उपलब्ध कराए जाएं।”

सड़कों की हालत बदहाल, हर गली में जानलेवा गड्ढे


भरत कश्यप ने निगम प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले तीन महीनों में शहर की सड़कों की मरम्मत नहीं की गई, जिसके चलते बारिश में ये सड़कें अब ‘स्मार्ट गड्ढों’ में तब्दील हो गई हैं। शहर की मुख्य सड़कें और वार्ड की गलियाँ तकरीबन गायब हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि “शहर में स्मार्ट सड़कें नहीं, अब जानलेवा गड्ढे नजर आते हैं।”



बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राहत की मांग


पार्षद दल ने नगर आयुक्त से यदुनंदन नगर, तिफरा, बिनोवा नगर, श्रीकांत वर्मा मार्ग जैसे जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत कार्य तेज करने की मांग की। भरत कश्यप ने बताया कि यदुनंदन नगर में करीब 200 परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं। कई घरों में पानी घुस चुका है और लोग सुरक्षित स्थानों की तलाश में हैं।

कांग्रेस पार्षद दल की प्रमुख मांगें:

सफाई कर्मचारियों को रेनकोट, बरसाती जूते और दस्ताने तत्काल दिए जाएं,शहर की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत,बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री और राशन किट की आपूर्ति
श्रीकांत वर्मा मार्ग, बिनोवा नगर आदि में स्थायी जलनिकासी समाधान,नालियों की नियमित और तत्काल सफाई व्यवस्था

कांग्रेस पार्षद दल ने प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा

नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप के साथ कांग्रेस पार्षद संतोषी रामा बघेल, रीता शंकर कश्यप, ओम कश्यप, पुष्पेंद्र साहू, अनीता कश्यप, दिलीप पाटिल, मोहन श्रीवास, सुनील सोनकर, रामा बघेल समेत कई पार्षदों ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और ज़ोन कमिश्नर से मिलकर तत्काल राहत प्रदान करने की मांग रखी।


निगम आयुक्त ने दिया आश्वासन

नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने कांग्रेस पार्षद दल को आश्वासन दिया कि सड़कों की मरम्मत और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। सभी ज़ोन कमिश्नरों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।


यह खबर नगर निगम की व्यवस्थाओं, बारिश में कर्मचारियों की स्थिति और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ी गंभीर चिंताओं को उजागर करती है, जिस पर शीघ्र कार्रवाई की जरूरत है।