Loading ...
अंबिकापुरधार्मिकमनोरंजन

बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा के कार्यक्रम में मचा खूब बवाल, कार्यक्रम में भगदड़, 7 साल की बच्ची घायल, भीड़ और अव्यवस्था पर नाराजगी

अंबिकापुर। अम्बिकापुर शहर के सरगवां पैलेस में सोमवार रात आयोजित रास-डांडिया कार्यक्रम में अव्यवस्था के कारण भगदड़ मच गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा के मंच पर आते ही हजारों की भीड़ बेकाबू हो गई। धक्का-मुक्की के बीच अफरा-तफरी मच गई और एक सात वर्षीय बच्ची का पैर दबकर टूट गया। घायल बच्ची को परिजनों ने तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उसे उसके गृह नगर सूरजपुर भेजा गया।

भीड़ की धक्का-मुक्की में दो अन्य महिलाओं के हाथ में भी चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्था की कमी साफ झलक रही थी। पुलिसकर्मी भी बेकाबू भीड़ के सामने लाचार नजर आए।

शाम 7 बजे से ही सरगवां पैलेस के बाहर भारी भीड़ जुटने लगी थी। गाड़ियों की लंबी कतारों के कारण पार्किंग की समस्या बढ़ गई और लोगों का गार्ड के साथ विवाद भी हुआ। कार्यक्रम खत्म होने के बाद भीषण जाम की स्थिति बन गई। लोग करीब दो घंटे तक यातायात जाम में फंसे रहे और रात 10 बजे के बाद ही किसी तरह घर लौट पाए

धार्मिक आयोजन में फिल्मी गानों पर विवाद

डांडिया कार्यक्रम के आयोजकों ने पहले धार्मिक और भक्ति गीतों की प्रस्तुति का वादा किया था, लेकिन मंच पर फिल्मी गानों की धुन पर गोविंदा ने ठुमके लगाए। इससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। सोशल मीडिया पर धार्मिक कार्यक्रम में फिल्मी गीत बजाने को लेकर विरोध जारी है।

इधर, यादव समाज के कुछ लोग भी गोविंदा का विरोध करने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने समझाइश देकर उन्हें वापस भेज दिया।

अव्यवस्था पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि आयोजकों ने बड़े स्तर पर भीड़ की संभावना के बावजूद सुरक्षा और व्यवस्था के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए थे। भगदड़ और जाम से परेशान लोगों ने कार्यक्रम की अव्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और प्रशासन से ऐसे आयोजनों में सख्त कदम उठाने की मांग की।

इस घटना ने एक बार फिर बड़े आयोजनों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।