जुआ खेलते राजस्व पटवारी संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सहित 6 पटवारी गिरफ्तार,प्रशासनिक गलियारों में हड़कम

जांजगीर। शहर की सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए रमन नगर में जुआ खेलते आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि पकड़े गए जुआरियों में राजस्व पटवारी संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सहित छह पटवारी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 40 हजार रुपये नकद, 52 ताश की पत्तियां, छह मोबाइल फोन, दो कार, दो स्कूटी समेत करीब 20 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
थाना प्रभारी मणिकांत पांडेय ने बताया कि रमन नगर निवासी रवि राठौर के मकान में लंबे समय से जुआ खेलने की शिकायत मिल रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार रात दबिश दी, जहां जुआ का फड़ चल रहा था।
मौके से गिरफ्तार आरोपियों में ज्योतिष कुमार सार्वे (कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, राजस्व पटवारी संघ),हेमचंद तिवारी, रवि राठौर, उमेश कुमार पटेल, गोविंद कंवर, राहुल प्रताप सिंह, देवेश अंबष्ट और पटवारी का निजी कंप्यूटर ऑपरेटर हरीश सिंह शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। खास तौर पर राजस्व पटवारी संघ की साख पर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि संगठन का शीर्ष पदाधिकारी ही जुआ खेलते पकड़ा गया है।
एसपी विजय कुमार पांडेय ने कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी नजर है। ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, इस घटना से राजस्व विभाग में नाराजगी और चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।