
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह इलाके में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। साईं मंदिर के पीछे स्थित एक मकान में फ्रिज फटने से अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में मौजूद एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार लिंगियाडीह साईं मंदिर के पीछे एक मकान में देर रात लगभग 11:30 बजे अचानक तेज धमाके की साथ आग लग गई ।मोहल्ले के लोगो ने जब मौके पर पहुंचे, तब तक आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया था। स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू पाने से पहले ही 55 वर्षीय बुजुर्ग महिला जया अग्रवाल की जान जा चुकी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। वहीं स्थानीय लोग इस हादसे के बाद डरे हुए हैं और अपने घरों में भी ऐसी घटना होने की आशंका जता रहे हैं।