Loading ...
बिलासपुरस्वास्थ्य

अस्पतालों में संचालित मेडिकल स्टोर्स की जांच, अस्पताल परिसर में स्थित फार्मेसी से दवाइयां खरीदना अनिवार्य नही – सहा. औषधि नियंत्रक: भीष्म देव सिंह

बिलासपुर ।“सही दवा शुद्ध आहार” अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा शुक्रवार को जिले के विभिन्न अस्पतालों में संचालित मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह के नेतृत्व में औषधि निरीक्षकों की तीन टीमों ने कुल 15 मेडिकल स्टोर्स की जांच की।


निरीक्षण टीम ने रिंग रोड, तिलक नगर, मोपका, बेहतराई सरकंडा, तोरवा, टिकरापारा एवं गोलबाजार क्षेत्र स्थित अस्पतालों के अंदर संचालित मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया। इस दौरान दवा विक्रय व्यवस्था, फार्मासिस्ट की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जाने वाली जानकारी का परीक्षण किया गया।


सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि सभी मेडिकल स्टोर्स में स्पष्ट रूप से सूचना प्रदर्शित हो कि मरीजों को अस्पताल परिसर में स्थित फार्मेसी से दवाइयां खरीदना अनिवार्य नहीं है और वे अपनी इच्छानुसार किसी भी मेडिकल स्टोर से दवा खरीद सकते हैं।


इसके अलावा सभी स्टोर्स में पीवीपीआई (Pharmacovigilance Programme of India) से संबंधित पोस्टर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए, ताकि दवाइयों के सेवन से होने वाले किसी भी दुष्प्रभाव की जानकारी मरीज सीधे भारत सरकार के फार्माकोविजिलेंस विभाग को दे सकें।


निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देशित किया गया कि जिन मेडिकल स्टोर्स में पूरे दिन दवाइयों का विक्रय किया जाता है, वहां उसी अनुपात में योग्य फार्मासिस्ट की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण औषधि सेवा मिल सके।