बड़ी खबर। NEET पेपर लीक प्रदर्शन के बाद NSUI नेताओं पर FIR, राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत कई नामजद
बिलासपुर। NEET पेपर लीक मामले को लेकर 3 जून को बिलासपुर के नेहरू चौक में किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने एनएसयूआई के कई प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सिविल लाइन थाना पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
पुलिस के अनुसार, 3 जून को एनएसयूआई द्वारा NEET पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन आयोजित किया गया था। प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम करने, यातायात बाधित करने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने जैसी गतिविधियों का आरोप लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान बलवा जैसी स्थिति निर्मित हुई, जिसके चलते वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 190, 191(2), 292 एवं 293 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। दर्ज एफआईआर में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, शहर अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, रंजीत सिंह, लक्की मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ताओं को नामजद किया गया है।
पुलिस द्वारा दर्ज की गई इस एफआईआर को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। वहीं, एनएसयूआई की ओर से अभी तक इस कार्रवाई पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि 3 जून को हुए प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नेहरू चौक में एकत्रित हुए थे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। अब इस मामले में दर्ज एफआईआर के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है।