चर्चित पत्रकार विकास रोहड़ा का आकस्मिक निधन, पत्रकारिता जगत में शोक
बिलासपुर। रोशनी न्यूज़ छत्तीसगढ़ के संपादक एवं युवा पत्रकार विकास रोहड़ा के आकस्मिक निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। उनके निधन से पत्रकारिता जगत, सिंधी समाज तथा उनके शुभचिंतकों में शोक की लहर व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिवंगत विकास रोहड़ा की अंतिम यात्रा 8 जून 2026 को प्रातः 10 बजे उनके निवास रॉयल ऑर्किड, 27 खोली, बिलासपुर से निकाली जाएगी, जो सिंधी कॉलोनी स्थित झूलेलाल मुक्तिधाम पहुंचेगी, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
वे अपने पीछे शोकाकुल परिवार को छोड़ गए हैं। परिवार में माता-पिता सरिता रोहड़ा एवं रमेश रोहड़ा, सहित रोहड़ा, मखीजा, पंजवानी और मलघानी परिवार के सदस्य शामिल हैं।
विकास रोहड़ा पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सक्रियता, सामाजिक सरोकारों और निष्पक्ष समाचारों के लिए पहचाने जाते थे। उनके असामयिक निधन से पत्रकार समुदाय ने एक युवा और ऊर्जावान साथी को खो दिया है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।