Loading ...
Uncategorized

विकास और जनसेवा में रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर क्वींस की मिसाल, शिक्षा-स्वास्थ्य से लेकर जरूरतमंदों तक पहुंचा सेवा का हाथ

बिलासपुर। समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण के क्षेत्र में रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर क्वींस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। रोटरी इंटरनेशनल की इस महिला संचालित संस्था का गठन वर्ष 2018 में हुआ था। तब से क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, जन जागरूकता और सेवा कार्यों के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है।

बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में क्लब की अध्यक्ष रोट० सीमा ठाकुर, सचिव रोट० भारती सालुंके और कोषाध्यक्ष रोट० प्रियंका जीवनानी ने क्लब की उपलब्धियों और आगामी कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्लब ने पिछले वर्षों में जरूरतमंदों की सहायता के लिए कई महत्वपूर्ण प्रकल्प पूरे किए हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में रोट प्रेरणा सुराणा के अध्यक्षीय कार्यकाल में महिलाओं को 10 पिंक लाइन उपलब्ध कराई गई, जिससे महिलाओं को रोजगार के अवसर मिले। वहीं 2020-21 में कोरोना संक्रमण के कठिन दौर में रोट शिल्पी चौधरी के नेतृत्व में क्लब ने कोरोना मरीजों के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर, बेड की व्यवस्था में सहयोग किया। साथ ही जरूरतमंद बस्तियों में राशन और दवाइयों का वितरण किया गया। गनियारी जन स्वास्थ्य केंद्र में नवजात शिशुओं के लिए नियोनेटल आईसीयू की स्थापना में भी सहयोग दिया गया।

वर्ष 2022 में वसुंधरा नगर में रोटरी गार्डन का निर्माण कराया गया। वर्ष 2023 में रोट वंदना सिंह के कार्यकाल में बर्न केस से पीड़ित 15 महिलाओं के उपचार में सहायता, एंबुलेंस सेवा, वेंडर्स को ठेले वितरण और ग्राम गटौरी के प्राथमिक विद्यालय के जीर्णोद्धार जैसे कार्य किए गए।
वर्ष 2024 में रोट मनीषा जायसवाल के कार्यकाल में रोटरी गार्डन में मंदिर निर्माण, स्वास्थ्य शिविर आयोजन और ग्राम लिम्तरी के प्राथमिक विद्यालय का नवीनीकरण कराया गया।

वर्तमान सत्र 2025-26 में क्लब अध्यक्ष रोट० सीमा ठाकुर, सचिव रोट० भारती सालुंके और कोषाध्यक्ष रोट प्रियंका जीवनानी के नेतृत्व में कई सेवा कार्य किए जा रहे हैं। दिव्यांग बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिता, कैंसर पीड़ित मरीजों को आर्थिक सहायता, और शासकीय स्कूलों में सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

क्लब के हैप्पी स्कूल प्रोजेक्ट के तहत चंदन आवास, राजकिशोर नगर स्थित शासकीय स्कूल में रेनोवेशन, शौचालय निर्माण, पेयजल व्यवस्था, अतिरिक्त कमरों का निर्माण और पेंटिंग जैसे कार्य कराए गए हैं। इसके अलावा कन्या विवाह कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिवर्ष जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।

रोटरी क्लब क्वींस द्वारा समय-समय पर स्वेटर, कंबल, खाद्य सामग्री, स्टेशनरी और दवाइयों का वितरण भी किया जाता है। जरूरत वाले स्थानों पर वाटर कूलर की व्यवस्था की जाती है। खेल क्षेत्र में मैराथन और फुटबॉल टूर्नामेंट जैसे आयोजन भी क्लब द्वारा कराए गए हैं।

इसी कड़ी में आज रोटरी क्लब क्वीन के द्वारा बिलासपुर प्रेस क्लब को एक वाटर कूलर उपलब्ध कराया गया है जिसके लिए प्रेस क्लब अध्यक्ष अजित मिश्रा सहित क्लब के सभी पदाधिकारियों ने रोटरी क्लब क्वींस का आभार व्यक्त किया है।

रोटरी क्लब क्वींस की अध्यक्ष सीमा ठाकुर और सचिव भारतीय सालुंके ने बताया कि उनके द्वारा कई मनोरंजन और फंड रेजिंग के माध्यम से गरबा, साड़ी वॉकेथॉन, होली सेलिब्रेशन जैसे अनके कार्यक्रमो का आयोजन समय समय पर किए जाते रहे हैं और इनसे प्राप्त राशि को समाज सेवा के कार्यों में लगाया जाता है।

बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रसवर्ता में रोटरी क्लब क्वींस की अध्यक्ष रोट० सीमा ठाकुर, सचिव रोट० भारती सालुंके और कोषाध्यक्ष रोट प्रियंका जीवनानी सहित सदस्य रोट वंदना सिंह, रोट मनीषा जायसवाल, संगीता चोपड़ा, रिंपी होरा, बंटी सैनी, सुनीता अग्रवाल, अमिता गोयल आदि सदस्य उपस्थित रहे।