Loading ...
बिलासपुर

निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ एनएसयूआई का डीईओ कार्यालय घेराव, चश्मा-चूड़ियां भेंट कर जताया विरोध

बिलासपुर। निजी स्कूलों की कथित मनमानी और शिक्षा विभाग की निष्क्रियता के विरोध में एनएसयूआई ने मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदेश सचिव रंजेश सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों को प्रतीकात्मक रूप से पावर का चश्मा और चूड़ियां भेंट कर ज्ञापन सौंपा।

एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि एस.एस. पब्लिक स्कूल, केपीएस ग्रुप, अचीवर्स स्कूल सहित कई निजी विद्यालय नियमों का उल्लंघन कर अभिभावकों पर एक ही दुकान से यूनिफॉर्म और किताबें खरीदने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही अतिरिक्त फीस, एक्टिविटी फीस, देरी से फीस जमा करने पर प्रतिदिन 10 रुपये पेनल्टी और अन्य अवैध शुल्क वसूले जा रहे हैं।

रंजेश सिंह ने कहा कि खमतराई स्थित एस.एस. पब्लिक स्कूल में स्कूल परिसर के भीतर ही कॉपी, किताबें और यूनिफॉर्म बेची जा रही हैं। साथ ही निजी प्रकाशकों की किताबें अनिवार्य कराई जा रही हैं, पर्याप्त खेल मैदान नहीं है और अन्य नियमों का भी उल्लंघन किया जा रहा है। कई शिकायतों के बावजूद शिक्षा विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों को पावर का चश्मा इसलिए भेंट किया गया ताकि उन्हें वास्तविक स्थिति दिखाई दे और चूड़ियां देकर विभाग की निष्क्रियता के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया।

एनएसयूआई ने ज्ञापन में सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच, अवैध शुल्क वसूली पर रोक तथा दोषी स्कूल प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान पुष्पराज साहू, करन यादव, सुमित ठाकुर, विन्नी विश्वकर्मा, वेद राठौर, राहुल मानिकपुरी, राजा खान, गौकरण साहू, अंशु गोस्वामी, सुनील श्रीवास, आकाश, आशीष यादव, मानेंद्र अनंत, भूमिका कोसले सहित बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक मौजूद रहे।