Loading ...
प्रेस कॉन्फ्रेंसबिलासपुर

बिलासपुर में इमरान प्रतापगढ़ी का केंद्र पर हमला, बोले- पेपर लीक ने युवाओं का भविष्य छीना; शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा

बिलासपुर। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने रविवार को बिलासपुर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत प्रेसवार्ता में केंद्र सरकार की शिक्षा व्यवस्था और भर्ती परीक्षाओं को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक में लगातार हुए पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं ने करोड़ों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।

प्रतापगढ़ी ने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में देशभर में 89 पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं, जिनसे 6.5 करोड़ से अधिक अभ्यर्थी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद परीक्षा देने पहुंचने वाले छात्रों के साथ पेपर लीक जैसी घटनाएं अन्याय हैं, जिससे युवाओं का विश्वास व्यवस्था से उठता जा रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पेपर लीक और भर्ती घोटालों से निराश होकर 21 से अधिक छात्रों ने आत्महत्या की, जो देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनके अनुसार यह केवल परीक्षा में गड़बड़ी का मामला नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों और उनके भविष्य पर सीधा प्रहार है।

राज्यसभा सांसद ने बताया कि कांग्रेस द्वारा शुरू किया गया ‘छात्रों की गूंज’ अभियान देशभर के युवाओं की समस्याओं को सामने लाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। यह अभियान 40 दिनों तक देश के 28 प्रमुख शहरों में आयोजित होगा, जहां प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों, छात्रों, शिक्षकों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों से संवाद किया जाएगा। बिलासपुर इस अभियान का महत्वपूर्ण पड़ाव है।

प्रतापगढ़ी ने कहा कि राहुल गांधी के निर्देश पर कांग्रेस युवाओं के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का काम कर रही है। उनका आरोप था कि केंद्र सरकार रोजगार, भर्ती और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अहम सवालों पर जवाब देने से बच रही है। लेकिन कांग्रेस प्रमुख विपक्षी पार्टी होने के नाते अपने नैतिक कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए लोकतांत्रिक तरीकों से जनता के हितों के मुद्दे उठाते रहेगी। और आगे हम इस मुद्दे को लेकर संसद में भी सरकार को घेरेंगे।

प्रेसवार्ता में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी कानून, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की गई तो कांग्रेस देशभर में आंदोलन को और तेज करेगी।

इस प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ट के प्रदेश अध्यक्ष अमीन मेमन, कांग्रेस जिला संगठन प्रभारी सुबोध हरितवाल,जिलाध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, महेंद्र गंगोत्री,पूर्व विधायक शैलेश पांडेय,विजय केशरवानी,कांग्रेस प्रवक्ता अभय नारायण राय आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।