बाल सुधार गृह में अपचारी की संदिग्ध मौत, सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

बिलासपुर। सरकंडा स्थित बाल सुधार गृह में एक बार फिर गंभीर घटना सामने आई है। दुष्कर्म के मामले में रायगढ़ से लाए गए एक बाल अपचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक को 15 अगस्त को ही यहाँ लाया गया था और दाखिले के कुछ ही समय बाद उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद सुधार गृह परिसर में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जाँच शुरू कर दी है। पुलिस ने रायगढ़ स्थित मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
निगरानी व्यवस्था कटघरे में
इस घटना ने बाल सुधार गृह की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल उठ रहा है कि ऐसे संवेदनशील परिसर में अपचारियों की नियमित निगरानी किस तरह की जा रही है और कड़ी सुरक्षा के बीच यह घटना कैसे घटी?
पहले भी हो चुकी है बड़ी वारदात
गौरतलब है कि इसी बाल सुधार गृह में पूर्व में भी चार अपचारियों द्वारा एक कर्मचारी की हत्या कर फरार होने की सनसनीखेज वारदात हो चुकी है। हालाँकि पुलिस ने बाद में चारों को पकड़ लिया था, लेकिन उस समय भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर काफी बवाल हुआ था। अब इस नई घटना के बाद सरकंडा पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जाँच कर रही है।