Loading ...
बिलासपुर

शहर में शांति बहाली पर प्रशासन का पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत ने किया अभिनंदन

बिलासपुर। बिलासपुर में विगत दिनों हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा जिस तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध तत्काल कदम उठाए गए, उसकी पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत, बिलासपुर ने सराहना की है।

पंचायत ने कहा कि जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की त्वरित कार्रवाई से मामले का पटाक्षेप हुआ तथा शहर में पुनः शांति एवं सद्भाव का वातावरण कायम हुआ है। इसी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए आज पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जिला कलेक्टर का अभिनंदन किया।

पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत के आह्वान पर समाज के सदस्य आज दोपहर 2:45 बजे कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। सभी ने सामूहिक रूप से जिला कलेक्टर का अभिनंदन करते हुए शहर में शांति एवं सद्भाव कायम करने के लिए प्रशासन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

पंचायत के पदाधिकारियों ने कहा कि सामाजिक शांति एवं सद्भाव बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन और पुलिस द्वारा समय रहते की गई कार्रवाई से शहर में सामान्य वातावरण बहाल हुआ है, जिसके लिए सिंधी समाज उनके प्रति कृतज्ञ है।

इस अवसर पर पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत, बिलासपुर के प्रकाश ग्वालानी, पी.एन. बजाज, विनोद मेघानी, धनराज आहूजा, रूप चंद डोडवानी, श्रीचंद टहलियानी, श्याम हरियानी, गोवर्धन मोटवानी, अभिषेक विधानी, दयानंद तीर्थानी, विशाल बजाज, हीरा लाल सिदारा, नंद लाल जीवनानी, हरि किशन गंगवानी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।