Loading ...
बिलासपुर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्ष की जनसेवा और छत्तीसगढ़ को मिली सौगातों को गिनाया, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- जनकल्याण सरकार की प्राथमिकता

बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने और इस दौरान देश व छत्तीसगढ़ को मिली उपलब्धियों को लेकर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई प्रधानमंत्री मोदी की जनसेवा की यात्रा आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर आगे बढ़ रही है। इन 25 वर्षों में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को प्राथमिकता दी गई है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने राजनीति को केवल सत्ता का माध्यम न बनाकर सेवा और परिवर्तन का माध्यम बनाने का प्रयास किया है। गरीब परिवारों को पक्का मकान, किसानों को आर्थिक सहायता, महिलाओं को सम्मान व सुविधाएं, युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, मुद्रा योजना, कौशल विकास, स्टार्टअप इंडिया और पीएम विश्वकर्मा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सुविधाओं और सहायता को पहुंचाना है।

जायसवाल ने कहा कि जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया, जिससे सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों तक पहुंचने लगी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीब परिवारों के पक्के घर के सपने को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के कारण महिलाओं को धुएं से राहत मिली है, वहीं जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचाया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को गंभीर बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सुरक्षा मिली है। किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को सीधे आर्थिक सहायता दी जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में देश में करोड़ों लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। यह प्रधानमंत्री मोदी की गरीब कल्याण की नीतियों और योजनाओं के प्रभाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ अंत्योदय की भावना को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने युवाओं और छोटे उद्यमियों के लिए मुद्रा योजना, कौशल विकास, स्टार्टअप इंडिया और पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए महत्वपूर्ण बताया। साथ ही किसानों के लिए फसल बीमा, सिंचाई, कृषि अधोसंरचना और आधुनिक तकनीक से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

प्रेसवार्ता में बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सावनी, भाजपा शहर अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष मोहित जायसवाल, जिला मीडिया प्रभारी के.के शर्मा और सह प्रभारी दुर्गेश पांडेय सहित भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।