
बिलासपुर। भाजपा में महापौर प्रत्याशी के लिए कई दावेदार लगे हुए थे जिनमें पूजा विधानी ने बाजी मार ली और पार्टी ने उनके नाम पर मोहर लगा दी है।
शहर विधायक अमर अग्रवाल का इस नगर निगम चुनाव के टिकट वितरण में फिर एक बार चली और वे अपने सभी लोगों को टिकट दिलाने में वे कामयाब रहे।
इसके पूर्व संगठन चुनाव में भी उनकी खूब चली थी और उनके ही ज्यादातर समर्थक मंडल अध्यक्ष बनाये गए थे। जिलाध्यक्ष के लिए भी उनके बेहद करीबी दीपक सिंह ठाकुर को जिला शहर अध्यक्ष बनाया गया है। वही अब नगर निगम के महापौर प्रत्याशी बनाने की बात सामने आई तो कई लोगो के नाम उभर कर सामने आए थे लेकिन विधायक अमर अग्रवाल की चली और उनके बेहद करीबी लोगों में माने जाने वाले अशोक विधानी की धर्म पत्नी पूजा विधानी को बीजेपी ने बिलासपुर से अपना महापौर का प्रत्याशी बनाया है।
०पूजा विधानी की राजनीतिक सफर०
बिलासपुर नगर निगम की बीजेपी प्रत्याशी पूजा विधानी नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष अशोक विधानी की पत्नी हैं। उनका असली नाम एल. पदमजा है,जो तेलगु समाज से हैं। अशोक विधानी से इंटर कास्ट मैरिज करने के बाद पूजा विधानी के रूप में उनकी पहचान बनी। वो 1996 से भाजपा की सक्रिय सदस्य हैं। साल 1998 में पहली बार नगर निगम में पार्षद निर्वाचित हुईं, जिसके बाद भाजपा महिला मोर्चा में दो बार प्रदेश महामंत्री रहीं। फिर महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष भी रहीं। उनके पति अशोक विधानी साल 2004 से लगातार नगर निगम में पार्षद रहे हैं। इस दौरान एमआईसी मेंबर रहे और दो बार नगर निगम में सभापति रहे। वर्तमान में नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष हैं। अशोक विधानी एवं पूजा विधानी – दोनो विधायक अमर अग्रवाल के कट्टर समर्थक एवं बेहद करीबी लोगों में गिने जाते है।
