Loading ...
बिलासपुरशिक्षा

महापौर पूजा विधानी ने कृष्णमूर्ति टीचर्स ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट का किया उद्घाटन

बिलासपुर। शुक्रवार 6 जून को शाम 4 बजे कृष्णमूर्ति टीचर्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में एनटीटी (नर्सरी टीचर ट्रेनिंग) कार्यक्रम सत्र 2025-26 का भव्य उद्घाटन समारोह अत्यंत गरिमापूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

समारोह की शुरुआत पारंपरिक रूप से मुख्य अतिथि श्रीमती पूजा विधानी (मेयर, बिलासपुर) के स्वागत से हुई, जिसमें उन्हें फूलों से अभिनंदन किया गया एवं औपचारिक रूप से मंच पर लाया गया।

तत्पश्चात दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना द्वारा वातावरण को शुभ और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर किया गया। कार्यक्रम की प्रस्तुति में NTT के उद्देश्य, लाभ और कार्यक्षेत्रों की विस्तृत जानकारी दी गई।

एक डिजिटल प्रेजेंटेशन के माध्यम से यह बताया गया कि यह प्रशिक्षण किस प्रकार शिक्षकों को बच्चों की शुरुआती शिक्षा में कुशल और सृजनात्मक मार्गदर्शक बनने में मदद करता है। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य है – बाल मनोविज्ञान की समझ, बच्चों के विकास की विभिन्न अवस्थाओं का अध्ययन, कक्षा प्रबंधन, पाठ योजना, मूल्यांकन तकनीक, कला, शिल्प, संगीत, नृत्य और खेल आधारित शिक्षण तकनीके, व्यवहारिक प्रशिक्षण और विद्यालयों में प्रत्यक्ष अनुभव ।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के उद्घाटन हेतु फीता काटकर मुख्य अतिथि श्रीमती पूजा विधानी (मेयर, बिलासपुर) ने संस्थान का औपचारिक उद्घाटन किया और अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि, “बच्चों की शुरुआती शिक्षा ही भविष्य की नींव होती है। ऐसे संस्थान हमारे समाज को सशक्त शिक्षक प्रदान करते हैं, जो आने वाली पीढ़ी को सही दिशा दे सकते हैं।”

सुश्री लेखाश्री पटनायक (डाइरेक्टर) ने संस्थान की ओर से अतिथियों एवं अभिभावकों को संबोधित किया और कार्यक्रम के उद्देश्य को विस्तार से समझाया। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रीय गान की प्रस्तुति के साथ हुआ। यह आयोजन न केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत थी, बल्कि एक नए युग की पहल भी थी, जिसमें शिक्षक केवल पाठ्यपुस्तक आधारित ज्ञान नहीं बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।