Loading ...
क्राइमबिलासपुर

बिलासपुर का युवक मलेशिया में लापता, परिजन परेशान, पुलिस ने एंबेसी से मांगी मदद

बिलासपुर। शहर के जूना बिलासपुर इलाके का रहने वाला दीपक तंबोली (29) मलेशिया में रहस्यमय ढंग से लापता हो गया है। परिजनों ने बताया कि दीपक 31 मई को जॉब सर्च के सिलसिले में मलेशिया गया था और 1 जून को कुआलालंपुर पहुंचने के बाद उसने घरवालों से संपर्क किया था। लेकिन 18 जुलाई के बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा है। इससे चिंतित परिवार ने 21 जुलाई को सिटी कोतवाली में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है।

(युवक के परिजन थाना प्रभारी विवेक पांडे के साथ)

थाना प्रभारी विवेक पांडेय के मुताबिक, युवक के संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है और डीएसबी की मदद से मलेशिया स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क किया जा रहा है। दूतावास को ई-मेल भेजकर दीपक की जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही, युवक के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास भी किया जा रहा है।

युवक

परिजनों ने बताया कि दीपक कुआलालंपुर के मेट्रो स्टेशन के पास स्थित ‘केयर सेंट्रल पॉइंट’ होटल में ठहरा था। 18 जुलाई को उसने परिजनों से बातचीत में किसी अन्य गेस्ट हाउस में शिफ्ट होने की जानकारी दी थी। उसी दिन आखिरी बार उसके खाते से एटीएम के जरिए रुपये निकाले गए। इसके बाद उसके खाते में कोई लेन-देन नहीं हुआ है।

दीपक ने 30 दिन का टूरिस्ट वीजा बनवाया था, जो अब से 19 दिन पहले समाप्त हो चुका है। बताया गया कि वह बीएससी कंप्यूटर साइंस का स्नातक है और पूर्व में नोएडा की एक कंपनी में कार्यरत था। कोविड काल में नौकरी जाने के बाद वह लगातार नई नौकरी की तलाश में था और हाल ही में मलेशिया गया था।

फिलहाल, युवक के लापता होने से उसका परिवार गहरे सदमे में है और उसकी सलामती की दुआ कर रहा है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय दूतावास के सहयोग से उसकी तलाश में जुटी है।